रूपाहेली टेक्सटाइल पार्क को ‘ग्रीन सिग्नल’: 1292 बीघा में सजेगा उद्योगों का संसार

रूपाहेली टेक्सटाइल पार्क को ‘ग्रीन सिग्नल’: 1292 बीघा में सजेगा उद्योगों का संसार
  • बड़ी कामयाबी: पर्यावरण विभाग से मिली ईसी, अब सड़कों और बिजली के लिए शुरू होंगे टेंडर
  • 275 भूखंडों पर पकड़ेगी विकास लहर, सुनहरा अध्याय जुड़ने की ओर अग्रसर

वस्त्रनगरी भीलवाड़ा के औद्योगिक क्षितिज पर एक और सुनहरा अध्याय जुड़ने जा रहा है। जिले की हुरड़ा तहसील स्थित रूपाहेली में प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क को पर्यावरण विभाग ने पर्यावरण स्वीकृति (ईसी) जारी कर दी है। इस मंजूरी के साथ ही अब रीको ने पार्क में बुनियादी सुविधाओं के विकास की कवायद तेज कर दी है। जल्द ही यहां सड़कों के जाल और बिजली कनेक्शन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। रीको के अनुसार पर्यावरण स्वीकृति मिलना रूपाहेली टेक्सटाइल पार्क के लिए सबसे बड़ा पड़ाव था। अब सर्वे डिमार्केशन और निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी। यह पार्क जिले के रोजगार और राजस्व में मील का पत्थर साबित होगा।

कुवाड़ा से पहुंचेगा ‘साफ’ पानी, सोनियाणा को भी फायदा

पार्क की जल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए नगर निगम और रीको के बीच समन्वय बैठ चुका है। कुवाड़ा स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से 3 एमएलडी ट्रीटेड पानी रूपाहेली को मिलेगा। वही 2 एमएलडी पानी सोनियाण को भी दिया जाएगा। इसके लिए निगम ने 14 अक्टूबर 2025 को ही हरी झंडी दे दी थी। पेयजल के लिए 300 केएलडी स्वच्छ पानी जलदाय विभाग की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा। पार्क के लिए 100 मेगावाट का भारी-भरकम विद्युत कनेक्शन लिया जाएगा।

इको-फ्रेंडली विजन: 52 हजार पौधों की ‘ऑक्सीजन वाल’

यह केवल औद्योगिक क्षेत्र नहीं, बल्कि एक ग्रीन पार्क होगा। ईसी की शर्तों के अनुसार 20.86 हेक्टेयर क्षेत्र में 52,150 पौधे लगाकर हरियाली विकसित की जाएगी। बरसात के पानी को सहेजने के लिए 18 रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाए जाएंगे। पर्यावरण सुधार पर 2 करोड़ और सीएसआर गतिविधियों पर 2.84 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

पार्क का मास्टर प्लान: एक नजर में

  • कुल भूमि- 1292.04 बीघा रूपाहेली, चतरपुरा, सुल्तानपुरा, बड़ला)
  • औद्योगिक भूखंड – 275 (500 से 1,25,000 वर्ग मीटर तक)
  • सड़कों का जाल- 4260 मीटर (60 मीटर व 30 मीटर) व 4310 मीटर (24 मीटर चौड़ी)
  • पार्किंग-105 ट्रकों के लिए विशेष स्टैंड
  • प्रशासनिक स्वीकृति- 22,103.25 लाख रुपए

विकास की टाइम लाइन: कब क्या हुआ

  • 21 जून 2024: रीको को भूमि का आवंटन।
  • 21 जनवरी 2025: पर्यावरण स्वीकृति के लिए आवेदन।
  • 25 सितम्बर 2025: औद्योगिक क्षेत्र की प्रशासनिक स्वीकृति जारी।
  • 14 जनवरी 2026: सड़क, पुलिया व बाउंड्री वॉल के लिए 2292.93 लाख की तकनीकी स्वीकृति।
  • 4 फरवरी 2026: पर्यावरण स्वीकृति (ईसी) जारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *