वाराणसी के बरेका स्थित सूर्य सरोवर के सामने मैदान में शुक्रवार की रात एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला, जब “सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य” का भव्य आयोजन किया गया। तीन अलग-अलग मंचों पर एक साथ सम्राट विक्रमादित्य के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। मंचन की विशेषता यह रही कि दर्शकों को एक साथ कई दृश्य देखने का अवसर मिला। एक मंच पर सम्राट विक्रमादित्य के बाल्यकाल की झलक दिखाई गई, तो दूसरे मंच पर युद्धभूमि के दृश्य में वीरता और पराक्रम का अद्भुत प्रदर्शन किया गया। तीसरे मंच पर उनके शासन, न्याय और नीति से जुड़े प्रसंगों को सजीव रूप दिया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। दोनों नेता शाम करीब 6 बजे वाराणसी पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। विशेष रूप से, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने “विक्रमादित्य वैदिक घड़ी” भी भेंट की, जिसे शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में स्थापित किया जाना है। अब देखें तस्वीर


