कुरुक्षेत्र में क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास आयोजन की शुरुआत होने जा रही है। ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग (सीजन-1) नॉर्थ जोन का ग्रैंड लॉन्च समारोह 12 मार्च 2026 को जीटी रोड स्थित वेटा होटल में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध क्रिकेट कमेंटेटर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चौपड़ा शामिल हुए। इस लीग का आयोजन 16 से 21 जून के बीच होगा, जिसमें हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। सोमनाथ गाबा (चेयरमैन), रवि कुमार गाबा, विनय कंबोज, हरिपुर (यमुनानगर) इस लीग के आयोजक हैं। आयोजकों का उद्देश्य इस लीग को नॉर्थ ज़ोन की एक प्रमुख टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता के रूप में स्थापित करना है। लीग के पोस्टर और जर्सी का अनावरण करने के बाद आकाश चोपड़ा ने खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों के साथ अपने अनुभव भी साझा किए और लीग के शुभारंभ की घोषणा की। उनकी उपस्थिति से इस कार्यक्रम का उत्साह और भी बढ़ गया और युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली। लीग में कुल 12 टीमें लेंगी भाग इस लीग के चेयरमैन सोमनाथ गाबा ने कहा कि टेनिस क्रिकेट स्पॉर्ट्स फेडरेशन से मान्यता प्राप्त यह लीग टेनिस क्रिकेट स्पॉर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा के सहयोग से आयोजित हो रही है, जबकिं संचालन अल्टीमेट इवेंट मेकर्स एलएलपी द्वारा किया जाएगा। लीग में कुल 12 टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में 11 खिलाड़ी होंगे। एक खिलाड़ी 35 वर्ष से अधिक आयु का हो सकता है। 15 अप्रैल से राजस्थान में शुरू होगी चयन प्रक्रिया लीग के फाउंडर रवि कुमार गाबा ने कहा कि लीग का उद्देश्य खिलाड़यों को प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और युवाओं में खेल उत्साह बढ़ाना है। चयन प्रक्रिया 15 अप्रैल से राजस्थान में शुरू होगी। समारोह में आकाश चोपड़ा ने क्रिकेटरों रोहित चंडीगढ़िया, आशु (यमुनानगर ), अमन मांझी, डैनी मांडी और प्रिंस कंबोज को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा मंच मिलेगा आयोजकों का कहना है कि इस लीग के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक अच्छा मंच मिलेगा और खेल के प्रति युवाओं में उत्साह को भी बढ़ावा मिलेगा। ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग के माध्यम से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। किसी खिलाड़ी में अगर हुनर है तो उसे एक मंच मिलेगा चीफ गेस्ट आकाश चोपड़ा ने कहा कि किसी खिलाड़ी में अगर हुनर है तो उसे एक मंच मिलेगा। आजकल टेनिस क्रिकेट को लेकर जैसा क्रेज और पैशन लोगों में पाया जा रहा है, वो किसी से छुपा नहीं है. ऐसे में ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग का आयोजन बहुत से प्रतिभाशाली खिलाड़ी का सपना पूरा करने वाला है। खिलाड़यों से खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन भावना को जिंदा रखने की अपील आकाश चोपड़ा ने कहा कि क्रिकेट देश के दिलों में बसा हुआ है और ऐसी लीग ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़यों को आगे लाने का उत्तम मंच मुहैया कराती है। उन्होंने युवा खिलाड़यों से खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन भावना को जिंदा रखने की अपील की।


