-एकता, अनुशासन और स्वास्थ्य का संदेश देने सडक़ों पर उतरे युवा।
बैतूल। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बैतूल जिले में पुलिस विभाग द्वारा भव्य साइकिल रैली (साइक्लोथॉन) का आयोजन किया गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, एकता, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी थाना क्षेत्रों में भी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में यह आयोजन किया गया।
जिला मुख्यालय बैतूल में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने पुलिस ग्राउंड से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: पुलिस ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा विशेष इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया, गंज थाना प्रभारी नीरज पाल, रक्षित निरीक्षक दिनेश मर्सकोले, यातायात प्रभारी गजेंद्र केन, खेल एवं युवक कल्याण विभाग के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा विशेष सशस्त्र बल 13वीं वाहिनी ग्वालियर का स्टाफ, एनसीसी और एनएसएस के छात्र-छात्राएं, नगर रक्षा समिति के सदस्य तथा जिले के कई युवक-युवतियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है और समाज में अनुशासन तथा एकता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाए और इनमें अधिक से अधिक युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं तथा सभी आयोजनों में सुरक्षा, प्राथमिक उपचार और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए ताकि समाज में पुलिस की सकारात्मक भूमिका सामने आ सके।
इस आयोजन के माध्यम से बैतूल पुलिस ने समाज में एकता, स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश देते हुए जनसहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है।
पेट्रोल पंपों के सुरक्षित एवं विधिसम्मत संचालन के लिए की संयुक्त कार्रवाई
जिला बैतूल में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिलेभर में पेट्रोल पंपों के निरीक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 28.03.2026 को तहसीलदार भैंसदेही एवं थाना प्रभारी भैंसदेही के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा भैंसदेही क्षेत्र में संचालित पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी पेट्रोल पंप सुचारू रूप से संचालित होते पाए गए तथा पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल का स्टॉक उपलब्ध मिला।


