मां विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय की स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा शुरू:पहले दिन 391 छात्र अनुपस्थित, कुलपति ने 2 जिलों में किया निरीक्षण

मां विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय की स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा शुरू:पहले दिन 391 छात्र अनुपस्थित, कुलपति ने 2 जिलों में किया निरीक्षण

मिर्जापुर में मां विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई। यह इस सत्र से आरंभ हुई विश्वविद्यालय की पहली परीक्षा है। पहले ही दिन दोनों पालियों में कुल 391 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पहली पाली में 285 छात्र अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में 106 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। पहली पाली में 5,431 और दूसरी पाली में 2,722 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। विश्वविद्यालय ने नकल विहीन, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने की व्यवस्था की है। परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी गिरीश कुमार और कुलसचिव श्रीराम नारायण भी उपस्थित रहे। कुलपति ने पहली पाली में मिर्जापुर के घनश्याम बिनानी एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट, जी.डी. बिनानी पी.जी. कॉलेज, माँ विन्ध्यवासिनी महाविद्यालय, कमला देवी आर्य कन्या पी.जी. कॉलेज और के.बी. पी.जी. कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। दूसरी पाली में उन्होंने भदोही स्थित चार परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इनमें केशव प्रसाद राल्ही महाविद्यालय, फलाए उम्मत पीजी कॉलेज और काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रमुख थे। निरीक्षण के दौरान कुलपति ने सामने आई कुछ छोटी-मोटी व्यावहारिक समस्याओं का त्वरित समाधान कराया। उन्होंने केंद्राध्यक्षों और परीक्षा से जुड़े सभी कार्मिकों को विश्वविद्यालय की परीक्षा नियमावली के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए। कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि परीक्षार्थियों को शांत, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिल सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *