Govinda Lashes Out on Karan Johar: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या डांस नहीं, बल्कि एक पुराना विवाद है जो फिर से चर्चा में आ गया है। गोविंदा ने करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी साल 2022 की फिल्म ‘गोविंदा मेरा नाम’ को लेकर नाराजगी जाहिर की है। अभिनेता का दावा है कि इस फिल्म की कहानी उनकी निजी जिंदगी और वैवाहिक संघर्षों से काफी मिलती-जुलती है, जिसे वो बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करते।
फिल्म के नाम से ही हुई आपत्ति (Govinda Lashes Out on Karan Johar)
गोविंदा ने ANI को बयान देते हुए कहा कि जब उन्होंने इस फिल्म का नाम सुना, तभी उन्हें असहजता महसूस हुई। उनके मुताबिक, उनकी पहचान और नाम को इस तरह इस्तेमाल करना, वो भी एक ऐसी कहानी में जो रिश्तों में अविश्वास और अफेयर जैसे मुद्दों को दिखाती हो, उन्हें गलत लगा। गोविंदा ने साफ शब्दों में कहा कि किसी की निजी जिंदगी को मनोरंजन का साधन बनाना ठीक नहीं है।
कहानी से क्यों खफा हैं गोविंदा (Govinda Lashes Out on Karan Johar)
फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है जो शादीशुदा होने के बावजूद अपनी गर्लफ्रेंड के साथ जिंदगी बिताना चाहता है। पति-पत्नी के बीच शक, झगड़े और तीसरे व्यक्ति की एंट्री से रिश्ते बिगड़ते दिखाए गए हैं। गोविंदा का मानना है कि इस तरह की कहानी को उनके नाम से जोड़ना, कहीं न कहीं उनके असली जीवन की अफवाहों को हवा देता है, जो सालों से उनका पीछा करती आई हैं।
सार्वजनिक चेतावनी की
एक इंटरव्यू के दौरान गोविंदा ने बेहद सख्त लहजे में कहा कि इस तरह की फोर्स फिटिंग बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने इशारों-इशारों में फिल्म से जुड़े लोगों को चेतावनी भी दी कि निजी जीवन पर बने मजाक हर जगह और हर बार अच्छे नहीं लगते। गोविंदा ने साफ कहा कि ये फिल्म करण जौहर ने बनाई थी। गोविंदा की ये प्रतिक्रिया बताती है कि वह इस मुद्दे को हल्के में नहीं ले रहे।
पत्नी सुनीता आहूजा का बयान
इस पूरे विवाद के बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का भी एक बयान चर्चा में रहा। उन्होंने इंडस्ट्री में काम करने वाली नई अभिनेत्रियों और बड़े सितारों के रिश्तों पर खुलकर बात की। सुनीता का कहना था कि शोहरत और आगे बढ़ने की चाह में कई बार हालात उलझ जाते हैं, जिसका असर शादीशुदा सितारों की निजी जिंदगी पर पड़ता है। हालांकि, उन्होंने एक बार फिर साफ किया कि उनके और गोविंदा के रिश्ते को लेकर तलाक जैसी किसी बात में सच्चाई नहीं है।
दशकों पुराना रिश्ता
गोविंदा और सुनीता की शादी साल 1987 में हुई थी। दोनों ने शुरुआती दौर में अपने रिश्ते को निजी रखा और बेटी टीना के जन्म के बाद ही इसे सार्वजनिक किया। बीते वर्षों में उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुईं, लेकिन हर बार सुनीता ने इन खबरों को अफवाह बताया।


