राज्यपाल करेंगी बहराइच के संजीव कुमार को सम्मानित:बागवानी में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलेगा सम्मान, औद्यानिक फसलों की खेती करते हैं

राज्यपाल करेंगी बहराइच के संजीव कुमार को सम्मानित:बागवानी में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलेगा सम्मान, औद्यानिक फसलों की खेती करते हैं

राजभवन प्रांगण में 06 से 08 फरवरी तक आयोजित होने वाली प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन मफतभाई पटेल प्रदेश के 10 उत्कृष्ट कृषकों को सम्मानित करेंगी। इन चयनित कृषकों में देवीपाटन मंडल से बहराइच जनपद के संजीव कुमार गौड़ भी शामिल हैं, जिन्हें बागवानी क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए यह सम्मान दिया जाएगा। संजीव कुमार गौड़ विकास खंड चित्तौरा के ग्राम मझौवा बुजुर्ग के निवासी हैं। वे लगभग 30 एकड़ क्षेत्रफल में औद्यानिक फसलों की खेती करते हैं, जिसमें से 25 एकड़ में पपीते की खेती प्रमुखता से की जा रही है। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देशन में आकांक्षी जनपद बहराइच में उप निदेशक कृषि विनय कुमार वर्मा और जिला उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी द्वारा एक संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सब्जी और फल की जहर मुक्त खेती तथा फसल सुरक्षा के लिए एकीकृत जीवनाशी प्रबंधन तकनीक (आईपीएम) के प्रयोग को बढ़ावा देना है। उच्च शिक्षित कृषक संजीव कुमार गौड़ इस अभियान से प्रभावित हुए। उन्होंने अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए कीटनाशकों के स्थान पर एकीकृत जीवनाशी प्रबंधन तकनीक (आईपीएम) का प्रयोग करना शुरू किया, जिससे विषमुक्त उत्पादन संभव हो सका है। फसल सुरक्षा के लिए इस तकनीक के तहत स्टीकी ट्रैप, सोलर लाइट ट्रैप और ल्योर का उपयोग किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *