असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य बुधवार को दो दिवसीय प्रवास पर सोनभद्र पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया, जिससे पूरे भाजपा परिवार में उत्साह का माहौल देखा गया। राज्यपाल का काफिला जैसे ही पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश मिश्रा (तेदू) के आवास पर पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से उनका अभिनंदन किया। उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस भव्य स्वागत से अभिभूत राज्यपाल आचार्य ने कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और संगठन की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि सोनभद्र की धरती हमेशा से राष्ट्र निर्माण और सेवा भावना के लिए जानी जाती है। पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश मिश्रा ने कहा कि राज्यपाल का आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और इससे संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्यपाल अपने प्रवास के दौरान जिले में विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों, सामाजिक आयोजनों और संवाद बैठकों में भाग लेंगे। कार्यक्रम स्थल पर राजनीतिक माहौल गर्म रहा। कार्यकर्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की और राज्यपाल के साथ अगले आयोजन स्थल के लिए प्रस्थान किया। पूरे जनपद में राज्यपाल के दौरे को लेकर उत्सुकता है और अगले दो दिनों तक राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रहने की संभावना है। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल, जिला प्रभारी अनिल सिंह, शीतल आचार्य, रामलखन सिंह, अजीत चौबे, रूबी प्रसाद, अशोक मिश्रा, ओम प्रकाश यादव, रामनरेश पासवान, यादवेन्द्र द्विवेदी, अनूप तिवारी, अमरेश पटेल, अजीत रावत, पुष्पा सिंह और सतीश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। देर शाम राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य का सर्किट हाउस सोनभद्र में भी स्वागत किया गया। यहां समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी बी.एन. सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। असम के राज्यपाल सर्किट हाउस में ही रात विश्राम करेंगे और गुरुवार को अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे


