कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में रादौर रोड पर बिजली दफ्तर के सामने हुए एक्सीडेंट में गवर्नमेंट एम्प्लोयी के बुजुर्ग पिता की मौत हो गई, जबकि एम्प्लोयी समेत उनका बेटा और पत्नी घायल हो गए। उनका शाहाबाद के आदेश मेडिकल अस्तपाल में इलाज चल रहा है। पूरा परिवार कुरुक्षेत्र में शादी समाराेह में शामिल होकर घर लौट रहा था। पुलिस के मुताबिक, मृतक बुजुर्ग की पहचान धर्मपाल (70) निवासी गुमथला जिला यमुनानगर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस कल शुक्रवार को बुजुर्ग के शव का पोस्टमॉर्टम करवाएगी। इस एक्सीडेंट में गवर्नमेंट एम्प्लोयी हंसराज (52), उनकी पत्नी नीलम (50) और 22 का बेटा आर्यन जख्मी हुए। डिवाइडर से टकराई कार हंसराज अपने गांव से पूरे परिवार के साथ कुरुक्षेत्र के होटल में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। यहां फंक्शन से फारिग होने के बाद वे लोग अपनी ऑल्टो कार में अपने घर लौट रहे थे। बुधवार-गुरुवार रात करीब 2 बजे उनकी कार सड़क पर डिवाइडर से टकरा गई। जिसमें पूरा परिवार घायल हो गया। शाहाबाद अस्पताल पहुंचाया घटना के बाद देर रात राहगीरों ने एम्बुलेंस का इंतजाम करके परिवार को लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनको शाहाबाद के आदेश मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान बुजुर्ग धर्मपाल ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य का उपचार चल रहा है। पुलिस कर रही घटना की जांच- गुरनाम सिंह लाडवा थाना के SHO गुरनाम सिंह ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किसी वाहन ने टक्कर मारी या चालक को नींद की झपकी आने से कार डिवाइडर से टकराई। टक्कर के बाद कार के परखच्छे उड़ गए। पुलिस ने हंसराज की शिकायत पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है। कल शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।


