गोरखपुर में शनिवार को नगर आयुक्त ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगने वाले खिचड़ी मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने गोरखनाथ ओवरब्रिज से गोरखनाथ मंदिर तक डिवाइडर पर लगी रेलिंग को पेंट कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही धर्मशाला ओवरब्रिज के सभी पिलरों और यातायात तिराहे से धर्मशाला तक तथा धर्मशाला से गोरखनाथ ओवरब्रिज तक रेलवे साइड वॉल पर स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ी वॉल पेंटिंग कराने को कहा।
जीरो वेस्ट और प्लास्टिक फ्री खिचड़ी मेले पर जोर
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि मेले को पूरी तरह जीरो वेस्ट और प्लास्टिक फ्री बनाया जाए। इसके लिए पूरे मेला परिसर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत जीरो वेस्ट खिचड़ी मेला और प्लास्टिक फ्री खिचड़ी मेले से जुड़े बैनर और फ्लेक्स लगाए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि खिचड़ी मेले के दौरान पूरे परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। मेले में लगने वाली सभी दुकानों पर डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। कोई भी दुकान बिना डस्टबिन के नहीं लगाई जाएगी।
जागरूकता अभियान चलेगा दिन-रात
नगर आयुक्त ने बताया कि मेले में आने वाले लोगों को जीरो वेस्ट खिचड़ी मेले के प्रति जागरूक करने के लिए IEC टीम के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान चार से पांच दिनों तक लगातार चलेगा और दिन व रात दोनों समय लोगों को जागरूक किया जाएगा।
मेला परिसर की होगी आकर्षक सजावट
निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि मेला परिसर में रोशनी की सुंदर सजावट की जाए। इसके साथ ही कपड़ों, रंग-बिरंगी पतंगों, घंटियों और स्वास्तिक जैसे सजावटी सामानों से परिसर को सजाया जाए, ताकि मेले का माहौल और अधिक आकर्षक बने।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त और जोनल अधिकारी अविनाश प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, सहायक अभियंता पथ प्रकाश मोहित गुप्ता, अवर अभियंता अवनीश भारती, सफाई निरीक्षक श्रवण कुमार सोनकर सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


