आगर मालवा पुलिस ने बुधवार को राजस्थान में एक ड्रग फैक्ट्री का खुलासा किया है। इस ऑपरेशन में करीब 5 करोड़ रुपए का सामान जब्त हुआ है और तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। यह कार्रवाई कोतवाली थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के अनुसार 20 जनवरी को सुसनेर के पास घेराबंदी कर फैजान निवासी सुसनेर को पकड़ा गया था। फैजान के पास से 330 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली, जिसकी कीमत 33 लाख रुपए है। पूछताछ में पता चला कि ड्रग्स की सप्लाई राजस्थान के झालावाड़ जिले से हो रही थी। राजस्थान में दबिश और 5 करोड़ की जब्ती जानकारी के आधार पर 28 जनवरी की रात आगर मालवा पुलिस की 80 सदस्यीय टीम ने झालावाड़ के ग्राम घाटाखेड़ी में एक मकान पर छापा मारा। मौके से शाहीर खान और मुनव्वर खान को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में 1 किलो स्मैक, 2 किलो एमडी ड्रग, 2 किलो केटामाइन, नशीले इंजेक्शन, ड्रग बनाने की मशीन, केमिकल, एक भरमार गन और एक एयर गन मिली है। पुलिस की आगे की जांच जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए है। एसपी ने बताया कि पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन का पता लगाने में जुटी है।


