नई दिल्ली से गाजियाबाद जा रही एक मालगाड़ी साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के पास बेपटरी हो गई। यह घटना सुबह करीब 9 बजे हुई, जब कपलिंग टूटने के कारण मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतर गए। हादसे के बाद मालगाड़ी मुख्य लाइन पर ही खड़ी रही, जिससे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। यह मालगाड़ी विशाखापत्तनम से लोहा लेकर नई दिल्ली पहुंची थी और गाजियाबाद जा रही थी। साहिबाबाद स्टेशन से पहले तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम ने पाया कि कपलिंग टूटने से दो पहिए ट्रैक से उतर गए थे, जिससे रेलवे ट्रैक को भी काफी नुकसान हुआ। 2 तस्वीर देखिए… हादसे की जानकारी मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे का स्थानीय अमला मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के इंतजाम किए गए और क्षेत्र को घेर लिया गया। मालगाड़ी में भारी मात्रा में लोहा लदा होने के कारण उसे वापस पटरी पर लाने में काफी दिक्कतें आईं। तकनीकी टीम को मरम्मत और बहाली के काम में सात घंटे से अधिक का समय लगा। इस दौरान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मालगाड़ी मुख्य लाइन पर खड़ी रही। पीछे से आने वाली ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। रेलवे कर्मियों ने क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत की और सभी आवश्यक जांच के बाद शाम 5 बजे के बाद मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया। रेलवे मुख्यालय ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। जांच टीम ने लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और अन्य संबंधित स्टाफ के बयान दर्ज किए हैं। जीआरपी के सीओ सुदेश गुप्ता ने बताया कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और किसी यात्री ट्रेन पर सीधा असर नहीं पड़ा। रेलवे प्रशासन ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।


