लाठी क्षेत्र के सोढाकोर गांव में नलकूप पर स्थित दो रहवासी झोपड़ियों और एक कमरे में सोमवार शाम अचानक आग लग गई। घटना में घरेलू सामान, नकदी और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई, जिससे किसान हनीफ खां को नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, लाठी निवासी हनीफ खां का नलकूप सोढाकोर गांव के पास स्थित है। सोमवार शाम को अचानक एक रहवासी झोपड़ी में आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास के एक कमरे तथा दूसरी झोपड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया। हनीफ खां ने बताया कि वे परिवार सहित नलकूप पर कृषि कार्य कर रहे थे, तभी आग लगी। आग की लपटें देखकर परिवार के लोग चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर रफीक मोहम्मद, मोहम्मद खां, जमालदीन, मसूर खां, इशे खां, अब्दुल कादर, सतार खां, मलुक खां और वल्ली मोहम्मद सहित आसपास के नलकूप पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार वालों की सहायता से टांके से पानी और रेत डालकर दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आने से झोपड़ियों और कमरे में रखी जीरे की बोरियां, आभूषण, राशन सामग्री, कपड़े, खाद्य सामग्री सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
मटकियां फोड़कर किया विरोध प्रदर्शन
भणियाणा क्षेत्र में बिगड़ी जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर कांग्रेस की ओर से सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया गया और मटकियां फोड़कर जमकर नारेबाजी की। भणियाणा क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल संकट के हालात बने हुए है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रणवीरसिंह गोदारा ने बताया कि भणियाणा क्षेत्र के कई गांवों व ढाणियों में पानी समय पर नहीं पहुंच रहा है। जिसके कारण लोग परेशान है। उन्हें महंगे दामों में पानी खरीदकर मंगवाना पड़ रहा है। इसी को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि गर्मी ने दस्तक दे दी है। सरकार की ओर से टैंकरों से पानी की आपूर्ति का कार्य शुरू करते हुए लाखों रुपए स्वीकृत कर दिए है, जबकि धरातल पर हालात बिगड़े हुए है। उन्होंने कहा कि गांवों में न तो नियमित जलापूर्ति हो रही है, न ही टैंकरों से पानी पहुंच रहा है। जिसके कारण लोग आज भी पानी खरीदकर पीने को मजबूर है। एनएसयूआइ के पूर्व जिलाध्यक्ष भोमसिंह भणियाणा ने क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट के हालात की जानकारी दी। भणियाणा गांव के खेल मैदान में हुई सभा के बाद रैली निकाली गई। कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मटकियां लेकर उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उपखंड अधिकारी के नहीं मिलने पर ग्रामीणों में रोष बढ़ गया। उन्होंने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया व उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर मटकियां फोड़कर रोष जताया।


