New Railway Line: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर-दुर्ग रेल खंड पर क्षमता विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 31 जनवरी को तुमसर रोड स्टेशन यार्ड में तीसरी लाइन का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया। इस उपलब्धि से इस व्यस्त रेल खंड पर यात्री एवं मालगाडिय़ों के परिचालन में उल्लेखनीय सुधार होगा। यह कार्य निर्माण विभाग नागपुर की ओर से निष्पादित किया गया। कमीशनिंग से पूर्व सभी इंजीनियरिंग, सिग्नलिंग एवं ओएचई से संबंधित कार्य रेलवे के निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा नियमों के अनुरूप पूर्ण कर विस्तृत परीक्षण किया गया।
इस दौरान सिग्नल इंटरलॉकिंग में आवश्यक संशोधन कर कुल 191/192 रूटों का परीक्षण किया गया, जो पूर्णत: सुरक्षित पाए गए। तीसरी लाइन के अंतर्गत ट्रैक बिछाने, ब्लास्टिंग, टैंपिंग एवं एलाइनमेंट से जुड़े कार्य संतोषजनक रूप से पूरे किए गए। सभी पॉइंट्स एवं रूटों के लिए सिग्नलिंग इंस्टॉलेशन तथा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का सफल परीक्षण किया गया। ओएचई कार्यों में इरेक्शन, वायरिंग, टेंशनिंग एवं ऊर्जीकरण को सुरक्षित ढंग से पूर्ण किया गया।
New Railway Line: दर्रेकसा-सालेकसा 10 किमी खंड में कार्य प्रगति पर
तीसरी लाइन के कमीशनिंग के साथ ही कलमना से दुर्ग के बीच तीसरी लाइन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। केवल दर्रेकसा-सालेकसा (लगभग 10 किमी) खंड में कार्य प्रगति पर है। गुड्स शेड की दोनों लाइनों को पूर्ण रेक समायोजित करने योग्य बनाया गया है। साथ ही शंटिंग नेक की लंबाई बढ़ाई गई है, जिससे एक बार में पूरे रेक की शंटिंग संभव हो सकेगी और माल लदान क्षमता में वृद्धि होगी।
इस कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्माण विभाग की ओर से आरके सिंह, नीलेश कुमार, चंचल प्रियदर्शी, अंकित सिंह एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंडल स्तर पर डीके गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक, एसईसीआर नागपुर एवं राजेश चिखले, अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा कार्य की सतत निगरानी की गई।
गुड्स शेड सहित कुल 10 लाइन
सभी अनिवार्य सुरक्षा परीक्षणों के बाद 31 जनवरी को तीसरी लाइन को रेल संचालन के लिए खोल दिया गया। इससे यार्ड की हैंडलिंग क्षमता, परिचालन लचीलापन तथा ट्रेनों की समयपालन क्षमता में वृद्धि होगी। तुमसर रोड में प्री-एनआई कार्य 24 जनवरी से प्रारंभ किया गया था। वर्तमान में यार्ड में गुड्स शेड लाइन सहित कुल 10 लाइनें हैं। इस दौरान 5 पॉइंट्स शिफ्ट किए गए तथा 4 नए पॉइंट्स बिछाए गए। मौजूदा बे-लाइन को 80 मीटर तक विस्तारित किया।


