Good News: मेवाड़ के यात्रियों को बड़ी सौगात, उदयपुर-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब नियमित ट्रेन, 30 प्रतिशत घटेगा किराया

Good News: मेवाड़ के यात्रियों को बड़ी सौगात, उदयपुर-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब नियमित ट्रेन, 30 प्रतिशत घटेगा किराया

भीलवाड़ा। करीब डेढ़ दशक से ‘स्पेशल’ श्रेणी के नाम पर अधिक किराया चुका रहे भीलवाड़ा और मेवाड़ क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रेल मंत्रालय ने उदयपुर-जयपुर-उदयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को अब नियमित ट्रेन का दर्जा दे दिया है। इसके साथ ही मुंबई (बांद्रा) के लिए संचालित होने वाली दो साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों को भी स्थायी मंजूरी मिल गई है।

अब इन ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को ‘स्पेशल फेयर’ नहीं देना होगा, जिससे किराए में सीधे लगभग 30 प्रतिशत की कमी आएगी। इस फैसले से लंबे समय से महंगा किराया चुका रहे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। नियमित ट्रेन का दर्जा मिलने के बाद अब यात्रियों को सामान्य किराए पर यात्रा करने का लाभ मिलेगा, जिससे रोजाना सफर करने वाले लोगों की जेब पर बोझ कम होगा।

स्पेशल का टैग हटा, अब 20993/94 नंबर से दौड़ेगी

उदयपुर- जयपुर ट्रेन अब स्पेशल के बजाय नियमित ट्रेन संख्या 20993/94 के रूप में संचालित होगी। यह ट्रेन भीलवाड़ा से सुबह 10:03 बजे उदयपुर के लिए प्रस्थान करती है और वापसी में शाम 5:35 बजे जयपुर के लिए रवाना होती है।

ट्रेन के नियमित होने से सभी श्रेणियों के किराए में करीब 30 प्रतिशत तक की गिरावट आएगी, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होने से यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। साथ ही समयबद्धता और सुविधाओं में भी सुधार देखने को मिलेगा।

मुंबई के लिए अब स्थाई विकल्प

भीलवाड़ा से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए अब दो अतिरिक्त स्थायी विकल्प उपलब्ध हो गए हैं। अजमेर-बांद्रा (09653/54) और जयपुर-बांद्रा (09723/24) स्पेशल ट्रेनों को अब साप्ताहिक नियमित ट्रेनों का दर्जा दिया गया है। पहले ये ट्रेनें केवल समर स्पेशल या त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए अस्थायी रूप से चलाई जाती थीं।

अब नियमित संचालन शुरू होने से यात्रियों को न केवल बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि किराए में भी कमी का लाभ मिलेगा। इससे मुंबई जाने वाले यात्रियों को अधिक विकल्प और राहत दोनों मिलेंगे। साथ ही सीट उपलब्धता में सुधार होगा, वेटिंग की समस्या कम होगी और यात्रा पहले के मुकाबले ज्यादा सहज, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *