गोमती साय बोलीं- राज्य बजट ‘विकसित भारत’ की आधारशिला:सरगुजा-बस्तर को मिलेगी नई रफ्तार, औद्योगिक निवेश और मेडिकल कॉलेज पर जोर

गोमती साय बोलीं- राज्य बजट ‘विकसित भारत’ की आधारशिला:सरगुजा-बस्तर को मिलेगी नई रफ्तार, औद्योगिक निवेश और मेडिकल कॉलेज पर जोर

जशपुरनगर में पत्थलगांव की विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत राज्य बजट को ‘विकसित भारत’ की आधारशिला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, मध्यम वर्ग, महिला और युवा सहित सभी वर्गों के समावेशी विकास का रोडमैप है। जिला भाजपा कार्यालय राधाकांत भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए गोमती साय ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। इस पत्रकार वार्ता में जशपुर की विधायक रायमुनि भगत और पार्टी के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। गोमती साय ने बताया कि साय सरकार की प्राथमिकता बस्तर और सरगुजा को विकास की मुख्यधारा में लाना है, जिसकी स्पष्ट झलक बजट में दिखाई देती है। उन्होंने जानकारी दी कि सरगुजा विकास प्राधिकरण का बजट 50 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 70 करोड़ रुपए कर दिया गया है, जिससे सरगुजा संभाग में अधोसंरचना विकास को नई गति मिलेगी। औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपए की लागत से औद्योगिक पार्क की स्थापना का प्रावधान किया गया है। यह पहल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी, जिससे न केवल निवेश बढ़ेगा बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। विधायक ने यह भी बताया कि आदिवासी बहुल जशपुर जिले में मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने के लिए सेटअप स्वीकृत किया गया है। इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी सुधार होगा और गंभीर उपचार के लिए बाहर जाने की मजबूरी कम होगी। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा को ग्रामीण अंचलों के लिए बड़ी राहत बताया गया है। जशपुर में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए आर्चरी सेंटर की स्थापना को भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में रेखांकित किया गया। जशपुर में दिखने लगा विकास: रायमुनि भगत प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर का ऐतिहासिक विकास हो रहा है। बीते लगभग ढाई वर्षों में हुए कार्य अब धरातल पर स्पष्ट दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने बजट को समावेशी बताते हुए कहा कि इसमें राज्य के चहुमुखी विकास की कार्ययोजना शामिल है। युवाओं को भविष्य की तकनीक से जोड़ने के लिए एआई और स्टार्टअप को प्राथमिकता दी गई है, जिससे तकनीकी कौशल का विकास होगा और प्रदेश के युवा वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सकेंगे। कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल्द काम शुरू पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए गोमती साय ने पत्थलगांव से कुनकुरी के बीच अधूरे पड़े कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग के संबंध में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने रिवाइज्ड टेंडर जारी कर दिया है। 10 मार्च को टेंडर खुलेगा, जिसके बाद कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। भ्रष्टाचार पर सख्त रुख स्वामी आत्मानंद स्कूल भर्ती और एलईडी टीवी खरीदी में कथित गड़बड़ी के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पत्रकार वार्ता में संतोष सिंह, फैजान सरवर खान, शरद चौरसिया, मुकेश सोनी, शारदा प्रधान और वेदप्रकाश भगत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *