PNB में 6.50 करोड़ का गोल्ड घोटाला: AGM ने बताया कब मिलेगा पीड़ितों को पूरा क्लेम और कैसे होगा सोने का भुगतान?

PNB में 6.50 करोड़ का गोल्ड घोटाला: AGM ने बताया कब मिलेगा पीड़ितों को पूरा क्लेम और कैसे होगा सोने का भुगतान?

Jhunjhunu PNB Gold Loan Scam: नवलगढ़ शहर के नानसा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक में करोड़ों का गोल्ड गबन सामने आने के बाद से पीडि़त परिवार बैंक के चक्कर लगा रहे हैं। उनके मन में कई तरह के सवाल हैं।

लोन के बदले रखे गए गहने उन्हें वापस मिलेंगे या नहीं, आभूषण नहीं मिले तो…, उनके नाम से उठाए गए फर्जी लोन के मामले में क्या होगा…आदि। इन सवालों को लेकर पत्रिका ने पीएनबी के मंडल कार्यालय हनुमानगढ़ के एजीएम सुधीर कुमार साहू से बातचीत की।

सवाल: पीडि़त ग्राहकों को मुआवजा या क्लेम मिलने में कितना समय लग सकता है?

जवाब: हमारा उच्च प्रबंधन, जांच टीम व बैंक का स्थानीय स्टाफ जांच में लगे हुए हैं। हमारा प्रयास है कि जल्दी से जल्दी जांच पूर्ण करके क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया शुरू की जाए। क्लेम की सेटलमेंट की टाइमलाइन तो नहीं बता सकते लेकिन हमारा शीर्ष प्रबंधन इस मामले को लेकर विशेष बैठक आयोजित कर रहा है व जल्द से जल्द निपटारा करने की योजना पर काम कर रहा है।

सवाल: जिनका गोल्ड चला गया, उनको मूल आभूषण मिलने के कितने चांस हैं?

जवाब: बैंक से सारा गोल्ड चोरी नहीं हुआ है। जिनका चोरी हुआ है, वह गोल्ड अगर पुलिस बरामद कर लेगी तो कोर्ट द्वारा बैंक को सुपुर्दगी के बाद पीडि़त ग्राहकों से पहचान करवाकर और लोन लेते समय रखे गए आभूषणों के रिकॉर्ड के आधार पर जांच करके ग्राहक को सुपुर्द किया जाएगा। सोना बरामद नहीं होने की स्थिति में ग्राहकों को बैंक की निर्धारित प्रक्रिया के तहत गोल्ड की कीमत का भुगतान किया जाएगा।

सवाल: अगर कोई कहे कि मुझे राशि नहीं, मेरे मूल आभूषण ही चाहिए?

जवाब: यह चीज किसी के भी नियंत्रण में नहीं है। हो सकता है बरामदगी हो भी जाए तो आभूषणों का मूल स्वरूप बदला हुआ मिले। बैंक वित्तीय संस्था है, हम इतना कह सकते हैं कि ग्राहकों को आर्थिक नुकसान नहीं होगा। ग्राहकों को उनके गोल्ड की कीमत का पुरा मुआवजा दिया जाएगा।

सवाल: पीडि़त ग्राहकों की शिकायतों के निपटारे के लिए क्या बैंक ने कोई विशेष हेल्प डेस्क या नोडल अधिकारी नियुक्त किया है?

जवाब: अभी तो पूरी शाखा की विशेष रूप से ग्राहकों की सेवा के लिए इस मामले में प्रतिबद्ध हैं। बैंक में एक विशेष काउंटर भी लगाया गया है। जिस पर बैठने वाले अधिकारी गहनता से जांच कर रहे हैं। ग्राहक द्वारा किए गए क्लेम में बताए गए गोल्ड और हमारे रिकॉर्ड में लिखे गए गोल्ड में कोई अंतर नहीं होगा तो ग्राहक अपना पूरा लोन जमा करवाकर अपने आभूषण ले सकता है।

सवाल: जिन लोगों के नाम पर फर्जी लोन उठा लिए गए हैं, उन्हें बैंक किस तरह राहत देगा?

जवाब: इस मामले में भी बैंक प्रबंधन द्वारा विस्तृत जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उत्तर दे सकेंगे।

सवाल: क्या ऐसे पीडि़तों को स्वयं पुलिस में अलग से एफआईआर दर्ज करानी होगी या बैंक स्तर पर सामूहिक कार्रवाई होगी?

जवाब: चूंकि धोखाधड़ी बैंक के साथ हुई है। इसलिए बैंक द्वारा अपने स्तर पर एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी है। फिर भी इस प्रकार के ग्राहकों का व्यक्तिगत मामला भी है, इसलिए पुलिस में संपर्क करके खुद भी शिकायत दे सकते हैं। जिसके लिए नियमानुसार पुलिस कार्यवाही करेगी।

सवाल: बैंक प्रबंधन की ओर से आरोपियों से वसूली और रिकवरी को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे?

जवाब: अभी जांच पूरी होने का इंतजार करना होगा। जांच के बाद बैंक की तय प्रक्रिया के तहत कार्यवाही की जाएगी। जिन एनपीए खातों में रिकवरी आना बंद हो जाएगी, उन पर तय प्रक्रिया के तहत विधि संवत कार्यवाही की जाएगी। दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही होगी और क्रिमिनल एंगल होगा तो पुलिस कार्यवाही होगी।

सवाल: जिन ग्राहकों के आभूषण सुरक्षित पाए गए हैं, क्या वे चाहें तो तुरंत अपना गोल्ड रिलीज करवा सकते हैं?

जवाब: बिल्कुल ले सकते हैं, ग्राहक द्वारा किए जाने वाले क्लेम और बैंक के रिकॉर्ड में कोई अंतर नहीं है तो बैंक को उनका गोल्ड वापस करने में कोई दिक्कत नहीं है।

सवाल: इस घटना के बाद ग्राहक बैंक पर कैसे भरोसा करे?

जवाब: पंजाब नेशनल बैंक अपनी छवि को लेकर बहुत संवेदनशील है। इसलिए इस धोखाधड़ी की घटना के बाद लगातार उच्च स्तर के अधिकारी आ रहे हैं। चीफ इंस्पेक्टर की अध्यक्षता में जांच टीम काम कर रही हैं। ग्राहकों से अपील करता हूं कि बैंक का पूर्ण विश्वास रखें, सही ग्राहक का कोई नुकसान नहीं होगा। भविष्य में लोन लेने वाले ग्राहक किसी के बहकावे में नहीं आएं और ना ही किसी को माध्यम बनाएं बल्कि सीधे बैंक में संपर्क करें।

सवाल: क्या अभी भी पीएनबी की इस शाखा से गोल्ड लोन दिया जा रहा है?

जवाब: इस शाखा में धोखाधड़ी की रिपोर्ट सामने आई है, इसलिए शाखा के गोल्ड लोन के अधिकार जांच पूरी होने तक सीज किए गए हैं। पीएनबी की घूमचक्कर नवलगढ़ शाखा में गोल्ड लोन नियमित रूप से दिया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *