₹5 की रंगदारी दो वरना…ठायं ठायं ठायं, दहशत में परिवार, CCTV फुटेज आया सामने

₹5 की रंगदारी दो वरना…ठायं ठायं ठायं, दहशत में परिवार, CCTV फुटेज आया सामने

वाराणसी: कोतवाली थाना क्षेत्र के रामघाट इलाके में एक मकान के पास कई राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान उनसे 5 लाख रुपए की रंगदारी भी मांगी गई और नहीं देने पर घर के एक सदस्य को गोली मारने की धमकी दी गई है। फिलहाल, पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हो रहा है।

फायरिंग का आरोप

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के रामघाट के रहने वाले संतोष यादव की पत्नी सुमन यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनके घर के बाहर कुछ लोगों ने इकट्ठा होकर फायरिंग की। पीड़िता ने कुछ लोगों को नामजद किया है, जिसमें गोलू यादव, आर्यन पांडे, विशाल साहनी और आंचल यादव का नाम शामिल है।

कुछ लोगों को किया गया नामजद

पीड़िता के मुताबिक नामजद लोगों के अलावा और भी कुछ लोग थे जो घर के पास टहलकर उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दे रहे थे। पीड़िता ने बताया कि इस दौरान जब उनका परिवार खिड़की के पास आया तो उन लोगों ने ₹5 लाख की रंगदारी मांगी और कहा कि नहीं देने पर घर के सदस्य गोविंद की गोली मारकर हत्या कर देंगे।

सीसीटीवी फुटेज वायरल

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उनके घर के पास कई राउंड फायरिंग की गई और फायरिंग के बाद खाली खोखे को आरोपी अपने साथ ले गए। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग असलहे से फायरिंग करते देखे जा रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद इलाके में और परिवार में दहशत का माहौल है।

टीम की गई गठित

पीड़ित पक्ष की तरफ से कोतवाली थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और उसके आधार पर विवेचना की जा रही है। पूरे घटना के अनावरण के लिए टीम भी गठित कर दी गई है। जल्द ही सच्चाई सामने आएगी और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *