कानपुर देहात के गजनेर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह ट्रक ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में प्रैक्टिकल की परीक्षा देने जा रही एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं,ट्रक चालक समेत तीन अन्य छात्र घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने मृतक छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हादसा कौसम मोड़ पर सुबह लगभग 10:30 बजे हुआ। दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो में सवार सभी छात्र-छात्राएं राजकीय इंटर कॉलेज रनिया से बीएमएस इंटर कॉलेज कठेठी रसायन विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा जा रहे थे। हादसे में ऋतु (17), पुत्री नेता यादव उर्फ शिवकुमार यादव, निवासी ग्राम महमऊ थाना रनिया, की मौके पर ही मौत हो गई। गजनेर थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि, ऑटो में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें से एक छात्रा की मौके पर मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दीक्षा (16) पुत्री विनोद कुमार, निवासी वार्ड नंबर 7 शिवाजी नगर रनिया। दीक्षा का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया की उनकी माता नीतू कंपनी में ड्यूटी पर थीं, जिनसे तत्काल संपर्क नहीं हो सका। मकान मालिक सरिता से बात हुई, जिन्होंने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। खुशी (16) पुत्री गुलाब सिंह, निवासी रनिया। गंभीर हालत में खुशी को इलाज के लिए हैलट अस्पताल कानपुर नगर रेफर किया गया है। परिजनों से संपर्क का प्रयास जारी है।अभय कुमार (17) पुत्र मनोज कुमार, निवासी ग्राम किसरवल रनिया। अभय की माता मीरा मौके पर मौजूद रहीं। अभय कुमार का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।


