mp news: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कॉलेज परिसर में एक युवती से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 20 वर्षीय युवती को तीन आरोपियों ने अपनी हवस का शिकार बनाया था जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 19 फरवरी की है और जब युवती की तबीयत बिगड़ी तो घटना का खुलासा हुआ। आरोपी ई-रिक्शा में युवती को अगवा कर कॉलेज परिसर में ले गए थे और गैंगरेप करने के बाद जान से मारने की धमकी दी थी जिसके कारण पीड़ित युवती इतने दिनों तक खामोश रही।
गोलगप्पे खाकर लौट रही थी
ग्वालियर के डबरा देहात थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती 10 फरवरी को अपनी बुआ के घर आई थी। 19 फरवरी की रात करीब 8 बजे वह घर के पास से गोलगप्पे खाकर लौट रही थी। घर लौटते वक्त“रास्ते में ई-रिक्शा में सवार दो युवकों ने उसका मुंह दबाकर अगवा कर लिया। रास्ते में आरोपियों का एक और साथी ई-रिक्शा में सवार हुआ और फिर तीनों उसे ई-रिक्शा से अरु तिराहा स्थित एक कॉलेज के परिसर में ले गए।
कॉलेज परिसर में किया गैंगरेप
कॉलेज परिसर में ले जाने के बाद तीनों आरोपियों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया और फिर 20 फरवरी की सुबह उसकी बुआ के घर के पास छोड़कर भाग गए। आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो जान से मार देंगे। धमकी से डरकर पीड़िता खामोश रही लेकिन कुछ दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसने अपने साथ हुई दरिंदगी के बारे में परिजनों को बताया। शुक्रवार शाम को परिजन पीड़िता को लेकर डबरा देहात थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने देर रात ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के नाम भूपेंद्र बाथम, सोनू बाथम और अभिषेक परिहार हैं। डबरा देहात थाना प्रभारी सुधाकर सिंह तोमर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है और वैधानिक कार्रवाई जारी है।


