मंडी में बर्फीली सड़क पर कार खाई में गिरी:कुल्लू के युवक की मौत; सड़क किनारे गिरने से पत्नी की जान बची

मंडी में बर्फीली सड़क पर कार खाई में गिरी:कुल्लू के युवक की मौत; सड़क किनारे गिरने से पत्नी की जान बची

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार देर शाम जंजैहली थाना क्षेत्र के मगरूगला में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बर्फबारी के कारण फिसलन भरी सड़क पर एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। कुल्लू जिले के सयोबाग बबेली के रहने वाले 34 वर्षीय अमित गौतम अपनी पत्नी पूनम के साथ कार (एचपी 34ई 8713) में सवार होकर कहीं जा रहे थे। मगरूगला के पास एक तेज मोड़ पर कार बर्फबारी के कारण स्किड हो गई और अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। पत्नी सड़क किनारे गिरी, पति खाई में गिरा
हादसे के दौरान पूनम सड़क से कुछ दूरी पर कार से बाहर गिर गईं, जबकि अमित गौतम कार सहित खाई में जा गिरे। गहरी खाई में गिरने से अमित की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बचाई महिला की जान
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल पूनम को खाई से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल जंजैहली पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया। पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मृतक अमित गौतम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंडी के एसपी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *