सागर | ईपीएस-95 के तहत आने वाले कर्मचारियों ने न्यूनतम पेंशन बढ़ाने और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर 27 मार्च को भविष्य निधि आयुक्त कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया है। कर्मचारी दोपहर 1 बजे कार्यालय में ज्ञापन सौंपेंगे। राष्ट्रीय संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष विनय चौबे ने बताया कि कर्मचारियों की मांग है कि न्यूनतम पेंशन 7500 रुपए प्रतिमाह की जाए तथा पेंशनधारकों और उनके परिजनों को समुचित चिकित्सा सुविधा दी जाए। इस संबंध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और श्रम मंत्री को कई बार ज्ञापन भेजे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि संसदीय समिति भी इन मांगों की सिफारिश कर चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कार्यक्रम के दौरान सांसद लता वानखेड़े को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक कर्मचारियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।


