गाजियाबाद में आज सोमवार को शीतलहर चल रही है। सुबह तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम तापमान 17 डिग्री रहने का अनुमान है। हवा की गति 8 किमी प्रति घंटा से है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के लिए मौसम सर्द रहने का अनुमान जताया है। जहां तापमान में कमी रहेगी। दोपहर में 3 बजे के बाद फिर से तापमान नीचे पहुंच रहा है। रात में भी सर्द हवाएं चलीं। दिन में धूप न के बराबर कुछ समय के लिए खिल सकती है। आज भी 12 वीं तक के स्कूल बंद गाजियाबाद में डीएम रविंद्र मांदड़ के निर्देश पर कक्षा एक से 12 वीं तक के स्कूलों में सर्दी के चलते अवकाश घोषित किया है। इसमें डीआईओएस ने यह निर्देश दिए हैं कि यह सरकारी, सीबीएसआई, आईसीएसई और सभी प्रकार के बोर्ड के स्कूलों में यह आदेश लागू रहेगा। यदि कहीं भी स्कूल खुले पाए गए तो कड़ा एक्शन होगा। सीएम योगी ने 5 जनवरी तक 12 वीं तक के स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए। वहीं बेसिक शिक्षा में कक्षा एक से 8 तक के सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित है, सरकारी स्कूल अब 15 जनवरी को खुलेंगे। सरकारी अस्पताल में बढ़े मरीज गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल में नए साल की शुरुआत के साथ ही मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। ठंड और बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज इलाज के लिए एमएमजी अस्पताल आ रहे हैं। इनमें हाई ब्लड प्रेशर, सांस लेने में तकलीफ, ऑक्सीजन की कमी और हृदय संबंधी बीमारियों के मामले प्रमुख हैं। ठंड बढ़ने के साथ ही हार्ट अटैक (एमआई) के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डॉक्टरों ने बताया कि इन मरीजों में अधिकांश की उम्र 45 वर्ष से अधिक है। वर्तमान में, अस्पताल में 100 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं, जिनका इलाज डॉक्टरों की देखरेख में जारी है। कई मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।


