इंदौर-मुंबई के बीच चलने वाली अवंतिका एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कोचों में अनधिकृत यात्रियों के प्रवेश को लेकर यात्रियों में नाराजगी सामने आई है। यात्रियों ने बताया कि कोच एस- 2 सहित अन्य स्लीपर डिब्बों में भीड़ इतनी अधिक थी कि आरक्षित सीटों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। एक यात्री ने शिकायत में लिखा कि उसकी मां, पत्नी और तीन वर्षीय बच्ची अवंतिका एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं, लेकिन कोच में अनारक्षित यात्रियों की भीड़ के कारण सुरक्षा को लेकर चिंता की स्थिति बन गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ट्रेन में भीड़ नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ या रेलवे स्टाफ नजर नहीं आया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। यात्रियों ने इसे सुरक्षा की गंभीर चूक बताया। पूरी घटना को लेकर यात्रियों ने डीआरएम रतलाम, रेलवे सेवा से लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक को टैग करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआरएम रतलाम कार्यालय ने आरपीएफ और वाणिज्य विभाग सहित संबंधित विभागों को शिकायत की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पटना साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 24 फरवरी से रेलवे महू से पटना के लिए स्पेशल ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे लगाएगी। स्पेशल ट्रेन महू से 24 फरवरी से जबकि पटना से 25 फरवरी को चलेगी। स्पेशल ट्रेन चलने से यात्रियों को काफी फायदा होगा। सांसद शंकर लालवानी ने कहा यात्रियों की सुविधा और ट्रेन में बढ़ती वेटिंग को लेकर स्पेशल ट्रेन की मांग की गई थी। इसके बाद रेलवे अब स्पेशल ट्रेन का संचालन करेगा। कब-कब चलेगी ट्रेन महू से: 24 फरवरी, 3 मार्च, 10, 17 और 24 मार्च। पटना सेः 25 फरवरी, 4 मार्च, 11, 18 और 25 मार्च। यह रहेगा ट्रेन का शेड्यूल महू से ट्रेन प्रति मंगलवार को शाम 6 बजे रवाना होगी। 6.30 बजे इंदौर आकर 6.40 बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन शाम 6.30 बजे पटना पहुंचेगी। पटना से ट्रेन प्रति बुधवार रात 9.30 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन रात 11.10 बजे इंदौर आकर रात 11.55 बजे महू पहुंचेगी।


