सहारनपुर की रहने वाली एक महिला ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों पर उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने उसे फोन पर तीन तलाक दिया। कश्मीर में एक युवती से अवैध संबंध का आरोप लगाया है। महिला थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना सदर बाजार क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी की रहने वाली पीड़िता हसीबा पत्नी दानिश ने बताया कि उसका निकाह 5 फरवरी 2021 को दानिश पुत्र तनवीर उर्फ अंजूम के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह से एक पुत्री मारिया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति व ससुराल पक्ष के लोग छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लगे। पति दानिश कश्मीर में लकड़ी के काम से जुड़ा हुआ है और वहां उसका एक अन्य युवती से अवैध संबंध है, जिसके ऑडियो-वीडियो व मैसेज पीड़िता के पास मौजूद हैं। कई बार समझाने के बावजूद पति अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पीड़िता के अनुसार 22 जनवरी 2025 को पति ने फोन पर उसे तलाक दे दिया। बाद में रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से समझौता कराया गया और पीड़िता इद्दत में बैठी। इस दौरान पति कुछ दिन मिलने आता रहा और करीब सात दिन घर पर रहने के बाद 14 जून 2025 को फिर कश्मीर चला गया। इसके बाद से पति ने न तो पीड़िता से और न ही अपनी बेटी से कोई संपर्क रखा। आरोप है कि जब पीड़िता ने इस संबंध में ससुराल पक्ष को बताया तो उन्होंने उसके साथ गाली-गलौच की और विरोध किया। आरोपियों ने यह कहकर डराया कि उन्होंने सरकारी कागजात तैयार कर रखे हैं और अब उसे अपने यहां नहीं रहने देंगे। इसके बाद सास-ससुर, ननद-नंदोई व देवरों ने मिलकर पीड़िता के साथ मारपीट की और उसे चार साल की बच्ची के साथ घर से भगा दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष उसके मायके और मोहल्ले में रहने वाले रिश्तेदारों को भी धमकाता है तथा मारपीट व जान से मारने की धमकी देता है। घर पर आकर बेइज्जती करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने बताया कि इसी मामले को लेकर उसने 22 नवंबर 2022 को भी थाने में शिकायत दी थी, उस समय आरोपियों ने अपनी गलती मान ली थी, लेकिन अब दोबारा उत्पीड़न शुरू कर दिया गया है।


