देवरिया जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर सोमवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। नाराज लोगों ने देवरिया-गौरीबाजार-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि पिछले लगभग 10 दिनों से उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना है कि कई बार गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने के बावजूद गैस उपलब्ध नहीं हो रही, जिससे उनके सामने खाना बनाने का संकट खड़ा हो गया है। इसी दौरान गैस लेने आए एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि जल्द ही गैस आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी तथा समस्या का समाधान किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जिले की कई गैस एजेंसियों पर आपूर्ति बाधित होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर गैस न मिलने से उनके दैनिक जीवन पर गंभीर असर पड़ रहा है। प्रशासन फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने में जुटा हुआ है। अधिकारियों ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।


