गैस एजेंसियों के फोन नहीं उठ रहे, लोग परेशान; संचालक बोले- बेवजह के कॉल बहुत आते हैं इंडेन गैस सिलेंडर की बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए रांची की 23 गैस एजेंसियों के नंबर जारी किए गए थे, ताकि उपभोक्ता फोन कर मैनुअल बुकिंग करा सकें। लेकिन यह व्यवस्था फेल होती दिख रही है। अधिकतर एजेंसियों के फोन या तो लग नहीं रहे या फिर कोई कॉल रिसीव नहीं कर रहा। अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब फोन उठाना ही नहीं था तो नंबर जारी क्यों किए गए। लोगों की शिकायत पर भास्कर ने 20 गैस एजेंसियों की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि अधिकतर नंबरों पर घंटी बजती रही, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। कुछ जगह घंटों फोन व्यस्त मिला तो कई नंबर स्विच ऑफ थे। इसके बाद भास्कर की टीम पांच गैस एजेंसियों पर पहुंची और वहीं से फोन लगाया। वहां भी घंटी बजती रही, लेकिन किसी कर्मचारी ने कॉल रिसीव नहीं किया। एजेंसी संचालक बोले- बेवजह के फोन आ रहे, इसलिए नहीं उठाते शांतनु गैस एजेंसी के संचालक सेतु तिवारी ने कहा कि ऐसे कई फोन आ रहे हैं, जिनकी बुकिंग के 25 दिन भी पूरे नहीं हुए हैं। लोग रिफिल के अलावा भी कई तरह की पूछताछ करते रहते हैं। वहीं माधुरी गैस एजेंसी के संचालक ने भी यही बात दोहराई। संचालकों का कहना है कि अब पुरानी व्यवस्था ठीक हो गई है और शाम सात बजे से सुबह छह बजे तक आराम से बुकिंग हो रही है। अन्य एजेंसियों का भी ऐसा ही हाल जीके इंडेन गैस एजेंसी : सात बार फोन किया, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। दोपहर 12 बजे एजेंसी पहुंचने पर शटर बंद मिला। माधुरी गैस एजेंसी : सुबह 11 बजे से 1 बजे के बीच तीन बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी : कई बार फोन किया, दोनों मोबाइल नंबर लगातार बिजी मिले। एफएफसीसीएस गैस एजेंसी : सुबह दो बार और शाम में भी फोन किया गया, लेकिन घंटी ही नहीं बजी। सिटी इंडेन गैस एजेंसी : सुबह 11 बजे से 1 बजे के बीच छह बार फोन किया गया। चार बार रिंग हुई, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। ओरमांझी इंडेन गैस एजेंसी : दोपहर करीब 12 बजे फोन किया गया। कॉल रिसीव किया गया और ग्राहक की जरूरत के बारे में पूछा गया। टाटी सिल्वे इंडेन गैस एजेंसी : दोनों नंबरों पर सुबह-शाम फोन किया गया, लेकिन लगातार व्यस्त मिला। रांची गैस एजेंसी : तीन बार फोन किया गया, लेकिन नंबर बिजी रहा। दूसरा नंबर स्विच ऑफ मिला। झलक डोरंडा गैस एजेंसी : एक नंबर स्विच ऑफ मिला, जबकि दूसरे नंबर पर रिंग होने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं किया गया। आनंद गैस एजेंसी : दो नंबरों पर फोन किया गया। एक नंबर पर रिंग हुई लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ, दूसरा स्विच ऑफ मिला। अदिति गैस एजेंसी : दो नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की गई। एक नंबर स्विच ऑफ था और दूसरा बिजी बता रहा था। एसके गैस एजेंसी : दो नंबरों पर फोन किया गया। एक नंबर बंद मिला, जबकि दूसरे पर घंटी बजती रही। लोगों ने उठाया सवाल: फोन उठाना नहीं था तो नंबर क्यों जारी किया शाम 3:45 बजे- बरियातू इंडेन गैस एजेंसी
काफी प्रयास के बाद फोन लगा। घंटी बजी, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। बार-बार फोन करने पर भी यही स्थिति रही। कर्मचारियों ने कहा कि फोन रिसीव करते हैं, लेकिन ज्यादा कॉल आने पर कभी-कभी नहीं उठा पाते। शाम 3:30 बजे- शांतनु गैस एजेंसी
इस एजेंसी का जो नंबर जारी किया गया है, वह संचालक का है। भास्कर टीम एजेंसी पहुंची और वहीं से फोन लगाया। घंटी बजती रही, मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस दौरान कई बार फोन बजता रहा। दोपहर 2 बजे- उरांव गैस एजेंसी
पहले फोन लगा ही नहीं। आधे घंटे बाद फोन किया गया तो घंटी बजी, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। एजेंसी पहुंचकर भी फोन किया गया, तब भी कॉल नहीं उठाया गया। कर्मचारियों ने कहा- फोन कहां है, यह पता नहीं। दोपहर 2:45 बजे – जयंत गैस एजेंसी
बार-बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं हुआ। एजेंसी पहुंचकर फोन किया तो घंटी बजती रही। जब फोन न उठाने का कारण पूछा गया तो संचालक ने कहा कि दिनभर फोन आते हैं और कई कॉल बेवजह के होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि माधुरी गैस एजेंसी का नंबर भी उनके नाम से जारी कर दिया गया है।


