महराजगंज नगर पालिका परिषद के विभिन्न वार्डों में कचरा पृथक्करण को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान महिला प्रशिक्षण सेवा संस्थान (मास्टर ट्रेनर्स/नॉलेज पार्टनर) की महिलाओं द्वारा संचालित किया गया। इसके तहत महिलाओं ने घर-घर जाकर नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की। मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि गीले और सूखे कचरे को अलग रखने से सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। इससे नगर को स्वच्छ बनाए रखने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने समझाया कि गीला कचरा खाद बनाने में उपयोगी है, जबकि सूखा कचरा पुनर्चक्रण योग्य होता है। अभियान के दौरान, स्थानीय निवासियों ने नगर को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सफाई नायक विशाल गुप्ता, मास्टर ट्रेनर्स शालू, किरन, रीना, गरिमा और नंदनी सहित वार्ड के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नगरवासियों ने महिलाओं की इस पहल की सराहना की। उन्होंने इसे स्वच्छता अभियान को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


