दीपावली से पहले जहां एक ओर घरों में सफाई अभियान समाप्त होने की कगार पर है। वहीं, शहर के हालात बेहतर नहीं है। शहर में जगह जगह सड़क किनारे, ग्रीन बेल्ट व मैदानों में कूड़े का ढेर लगा हुआ है। नगर निगम को शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी है लेकिन शहर की तस्वीर दीपावली के त्योहार से पहले भी बेहतर नजर नहीं आ रही है। शहर के अलग अलग इलाकों में पड़ताल की गई तो सड़क किनारे कूड़ा पड़ा मिला। स्पॉट 01 लाल इमली से ग्वालटोली जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे कूड़ा पड़ा मिला। स्थिति देखकर साफ पता चल रहा था कि यह कूड़ा काफी दिनों से उठाया नहीं गया है। इस स्थान के सामने ही रिहायशी आवास भी थे। स्पॉट 02 ग्वालटोली में मछली वाले हाते से वीआईपी रोड जाने वाली सड़क में कूड़ा पड़ा मिला। यहां पर कुछ कूड़ा सड़क पर तो कुछ फुटपाथ पड़ा था। शहर का यह हिन्दू मुस्लिम मिली जुली आबादी वाला इलाका है। त्योहार पर यहां काफी रौनक होती है। स्पॉट 03 कंपनी बाग से नवाबगंज थाने जाने वाली सड़क में किनारे की ओर फुटपाथ पर कूड़ा पड़ा मिला। लोगों का कहना था कि नगर निगम की ओर से रोजाना कूड़ा उठान न होने से इलाके की स्थिति दयनीय है। इसमें सुधार होना चाहिए। स्पॉट 04 शहर के मसवानपुर इलाके में भी मामा चौराहे से सराय चौराहे की ओर जाने वाली सड़क में कूड़ा पड़ा मिला। यह कूड़ा सड़क के छोर तक फैला हुआ था। रास्ता संकरा होने की वजह से आसपास से निकलने वाले वाहनों से यह उड़कर प्रदूषण का कारण बन रहा था। प्रदूषण का बन रहा कारण दीपावली में जगह जगह पड़ा यह कूड़ा शहर की तस्वीर को तो खराब कर ही रहा है साथ ही प्रदूषण फैलाने वाले कारणों में भी अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। लोगों का कहना है कि कई दिनों तक कूड़ा उठान न होने से यह कूड़ा सड़ने लगता है, जिससे दुर्गंध फैलती है। इसके अलावा तेज रफ्तार से निकलने वाले वाहनों की तेज हवा से धूल उड़ती और कूड़ा उड़कर इधर उधर फैल जाता है।


