अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ग्राम पचखुरा के जंगल में एक जुआ फड़ पर छापा मारा है। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से 26,990 रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की गई है। जब्त किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 34,500 रुपए और बाइक की कीमत 50,000 रुपए बताई गई है। हालांकि, कुछ जुआरी पुलिस को देखकर भागने में सफल रहे। थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पचखुरा के जंगल में ताश के पत्तों से जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर छापा मारा। पुलिस को देखकर जुआरियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी के कारण 6 आरोपियों को मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार, मौके पर लगभग 11-12 जुआरी मौजूद थे, जिनमें से कुछ पुलिस को देखते ही भाग गए। इनको किया गिरफ्तार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अभय राव, रामू शर्मा, मनीष यादव, सरित श्रीवास्तव, अशोक प्रजापति और मोहम्मद शब्बीर शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम और धारा 49 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।


