सुखरामनगर स्लम क्वार्टर्स में इमारत की गैलरी ढही, 58 लोग सुरक्षित निकाले, एक महिला घायल

सुखरामनगर स्लम क्वार्टर्स में इमारत की गैलरी ढही, 58 लोग सुरक्षित निकाले, एक महिला घायल

Ahmedabad: शहर के अमराईवाड़ी क्षेत्र स्थित सुखरामनगर स्लम क्वार्टर्स में बुधवार सुबह अचानक एक इमारत की बाल्कनी (गैलरी) का स्लैब गिर जाने से अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से 58 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं एक महिला घायल मिली, जिसे तत्काल मनपा संचालित एल जी अस्पताल में भर्ती कराया गया।इस स्लैब के गिरने से मकान का मुख्य रास्ता अवरुद्ध हो गया था जिस कारण अंदर मौजूद बड़ी संख्या में लोग फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस बचाव कार्य के लिए एक दो फर्स्ट रिस्पॉन्डर वाहन तथा एक एम्बुलेंस सहित कुल चार से अधिक वाहन तैनात किए गए। लगभग 22 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने मिलकर तेजी से मलबा हटाया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान 15 फायरमैन और डिविजनल ऑफिसर सहित पूरी टीम ने समन्वय के साथ काम किया।

एक-एक कर लोगों को निकाला गया

फायर ब्रिगेड की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से कुल 58 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली। एक-एक कर लोगों को निकाला गया। हादसे में डाहीबेन राठौड़ नामक महिला को दोनों हाथों और सिर पर चोटें आईं। उन्हें तुरंत निजी वाहन से एल.जी. अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बड़ी जनहानि टली

महानगरपालिका के अनुसार घटनास्थल पर फायर विभाग के साथ-साथ मनपा निगम के एस्टेट विभाग के निरीक्षक भी मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग दिया। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई। गैलरी के ढहने से इस इमारत के सभी आवासों का रास्ता अवरुद्ध हो गया था, जिससे लोगों में डर फैल गया।

काफी समय से जर्जर हालत में था

बताया जा रहा है कि जिस ब्लॉक की गैलरी गिरी, वह काफी समय से जर्जर हालत में था। मनपा की ओर से पहले ही संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर नोटिस जारी किया गया था। इससे पहले भी इसी परिसर में गैलरी गिरने की घटना हो चुकी है, जिससे यहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *