नवरात्रि से पहले एक्शन में एफएसडीए… कुट्टू के आटे में मिलावट पर अलर्ट, बाजारों में छापे, कई किलो माल जब्त, मचा हड़कंप

नवरात्रि से पहले एक्शन में एफएसडीए… कुट्टू के आटे में मिलावट पर अलर्ट, बाजारों में छापे, कई किलो माल जब्त, मचा हड़कंप

बरेली। नवरात्रि से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। एक तरफ जहां कुट्टू के आटे में मिलावट को लेकर सख्त एडवाइजरी जारी की गई है, वहीं दूसरी ओर शहर और कस्बों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर मिलावटखोरों पर शिकंजा कसा जा रहा है। विभाग ने साफ कर दिया है कि व्रत के खाद्य पदार्थों में जरा सी भी गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने चेतावनी दी है कि कुट्टू के आटे में मिलावट करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि केवल शुद्ध और मानक के अनुरूप उत्पाद ही बेचें और पैकेजिंग पर FSSAI लाइसेंस नंबर अनिवार्य रूप से दर्शाएं। विभाग ने यह भी कहा कि आटे को सही तापमान और सूखी जगह पर ही रखा जाए।

शहर से कस्बों तक छापों की बौछार

नवरात्रि से पहले विभाग की टीमों ने रिछा, मीरगंज, नवाबगंज और शहर के कई इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान मदनी ट्रेडर्स से खजूर, अली किराना स्टोर से सेंवई-पापड़ और श्याम किराना स्टोर से सिंघाड़ा आटा व मूंगफली के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान 20 किलो संदिग्ध मूंगफली को मौके पर ही जब्त कर नष्ट करा दिया गया। वहीं नवाबगंज के दिलीप किराना स्टोर से कुट्टू के आटे का सैंपल लिया गया, जबकि बड़ा बाग स्थित बजरंग भोग से घी का नमूना जांच के लिए भेजा गया। सभी नमूनों को झांसी लैब रवाना कर दिया गया है। अब रिपोर्ट के बाद तय होगा कि किन दुकानों पर मिलावट का खेल चल रहा था।

उपभोक्ताओं को भी चेतावनी, ऐसे करें पहचान

प्रशासन ने आम लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। कुट्टू का शुद्ध आटा हल्के भूरे रंग का होता है और उसमें हल्की खुशबू आती है। पानी में डालने पर यह नीचे बैठ जाता है, जबकि मिलावटी आटा ऊपर तैर सकता है। आयोडीन टेस्ट से भी मिलावट की पहचान की जा सकती है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि नवरात्रि तक यह अभियान लगातार चलता रहेगा। सहायक आयुक्त अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन का कहना है कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *