FSDA ने उड़ाई मिलावटखोरों की नींद… किप्स और दीनानाथ समेत कई दुकानों से भरे नमूने, अब इनकी बारी

FSDA ने उड़ाई मिलावटखोरों की नींद… किप्स और दीनानाथ समेत कई दुकानों से भरे नमूने, अब इनकी बारी

बरेली। होली नजदीक आते ही मिलावटखोरों की नींद उड़ाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। रविवार सुबह से ही अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भरे गए।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के कई प्रमुख इलाकों में दबिश दी। टीम ने साफ कर दिया कि त्योहार के नाम पर मिलावट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई की भनक लगते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कुछ ने तो आनन-फानन में सामान समेटना शुरू कर दिया।

बेसन से लेकर घी-पनीर तक के नमूने

छापेमारी के दौरान सीबीगंज के बंडिया स्थित अर्श किराना स्टोर से बेसन का नमूना लिया गया। सिविल लाइंस के चर्चित किप्स स्वीट्स से लड्डू की सैंपलिंग की गई। नैनीताल रोड भोजीपुरा स्थित अर्श किराना स्टोर से अमूल प्योर घी का नमूना भरा गया। स्टेशन रोड पर स्वर्ण टावर होटल के सामने गुप्ता जी डेयरी प्रोडक्ट से पनीर और नवल्टी चौराहा स्थित दीनानाथ एंड सन्स से दही का नमूना लिया गया। टीम की मौजूदगी से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई दुकानदार कार्रवाई को लेकर सतर्क नजर आए और ग्राहकों में भी चर्चा का विषय बना रहा।

पांच कारोबारियों को मिला पंजीकरण

0

इसी दौरान जी.आई.सी. ऑडिटोरियम में विभाग की ओर से स्टॉल लगाकर खाद्य कारोबारियों को नियमों और सावधानियों की जानकारी दी गई। यहां पांच फूड वेंडिंग कारोबारियों को पंजीकरण प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि जो नियमों का पालन करेगा, उसे सम्मान मिलेगा और जो मिलावट करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई तय है। स्टॉल के निरीक्षण के दौरान जिला जज ने विभाग की पहल को जनहित में जरूरी बताते हुए अभियान जारी रखने पर जोर दिया।

रिपोर्ट के बाद गिरेगी गाज

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि भरे गए सभी पांचों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अगर मिलावट की पुष्टि हुई तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि होली पर रंगों के साथ जहर घोलने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *