दोस्त ने बहन से की छेड़खानी…भाई ने शराब पिला कर दी हत्या, खेत में दफनाया शव

दोस्त ने बहन से की छेड़खानी…भाई ने शराब पिला कर दी हत्या, खेत में दफनाया शव

फर्रूखाबाद : उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद में दोस्ती और कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी बहन से छेड़छाड़ का बदला लेने के लिए अपने ही दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को खेत में 5 फीट गहरा दफना दिया। यह राज 9 महीने तक जमीन के नीचे दफन रहा, लेकिन मृतक की पत्नी की हिम्मत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दखल के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कंकाल बरामद कर लिया है।

दुकान से बुलाकर ले गया और फिर नहीं लौटा पति

घटना अमृतपुर थाना क्षेत्र के गुजरपुर पमारान गांव की है। यहां का निवासी ओमवीर (26) पेशे से साइकिल मिस्त्री था। शाम को पड़ोसी और दोस्त रामू यादव (25) ओमवीर की दुकान पर पहुंचा और उसे साथ चलने को कहा। ओमवीर घर गया, पत्नी धर्मशीला से खाना लगाने को कहा, लेकिन बिना खाए ही रामू के साथ चला गया। उसके बाद वह कभी वापस नहीं लौटा।

बहन से छेड़छाड़ बनी हत्या की वजह

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी रामू यादव ने देहरादून से गिरफ्तारी के बाद चौंकाने वाला खुलासा किया। रामू ने बताया कि ओमवीर उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ करता था, जिसका बदला लेने के लिए उसने हत्या की साजिश रची। उसने पहले ओमवीर को जमकर शराब पिलाई और फिर गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पहचान छुपाने के लिए शव को गांव से 1 किलोमीटर दूर अपने ही खेत में दफन कर दिया।

थाने से दुत्कार मिली तो पहुंची CM दरबार

मृतक की पत्नी धर्मशीला के लिए यह न्याय की लड़ाई बेहद कठिन थी। धर्मशीला का आरोप है कि तत्कालीन थानाध्यक्ष और जांच अधिकारी उसे परेशान करते थे। न्याय देने के बजाय उसके देवर को ही थाने में बैठाकर प्रताड़ित किया जाता था। जब स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई, तो धर्मशीला लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी गुहार लगाई। लखनऊ से आदेश आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और टीमों का गठन कर सर्विलांस की मदद से आरोपी को दबोचा गया।

खेत की खुदाई में मिला नरकंकाल

बुधवार सुबह मजिस्ट्रेट और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर जेसीबी से खेत की खुदाई कराई गई। करीब 5 फीट नीचे से ओमवीर का कंकाल बरामद हुआ। मौके से मृतक के कपड़े, चप्पल और तौलिया भी मिला है, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित हुई।

एएसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *