हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बीते 24 घंटे के दौरान बर्फबारी और राज्य के ज्यादातर भागों में अच्छी बारिश हुई है। चंबा, शिमला, कुल्लू, मंडी, लाहौल स्पीति, किन्नौर और कांगड़ा जिलों के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद सड़कें फिर से बंद हो गई हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- बारिश-बर्फबारी का दौर अगले 6 दिन तक जारी रहेगा। आज भी अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान है। हालांकि, अगले कल वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा। मगर परसों फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस स्ट्रॉन्ग होकर बरसेगा। 18 से 20 मार्च तक फिर तेज बारिश इससे 18 से 20 मार्च तक पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश-बर्फबारी होगी। 21 मार्च को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन हल्की बारिश-बर्फबारी जारी रहेगी। IMD ने अगले छह दिन के लिए किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने का पूर्वानुमान है। इसे देखते हुए टूरिस्ट समेत स्थानीय लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। तापमान में भारी गिरावट मौसम में बदलाव के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों का अधिकतम तापमान बीते 24 घंटे के दौरान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। ऊना के तापमान में सबसे ज्यादा 10.2 डिग्री की गिरावट के बाद पारा 23.4 डिग्री और कसौली का 10.1 डिग्री लुढ़कने के बाद 13.3 डिग्री सेल्सियस रह गया है। इसी तरह अन्य शहरों के तापमान में भी गिरावट आई है और मार्च महीने में जनवरी-फरवरी जैसी ठंड लौट आई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 5 दिन पहले सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक हो गया था, जो कि अब नॉर्मल से 1.3 डिग्री नीचे लुढ़क चुका है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान माइनस में चला गया है। ऐसे में हिमाचल घूमने का प्लान बना रहे टूरिस्ट को भी अपने साथ गर्म कपड़े लाने की सलाह दी गई है। अटल टनल में देर रात तक फंसे रहे वाहन लाहौल स्पीति के अटल टनल रोहतांग, सिस्सू और कोकसर में ताजा बर्फबारी के बाद बीती शाम को काफी संख्या में टूरिस्ट व्हीकल फंस गए। स्थानीय पुलिस ने देर रात तक ज्यादातर वाहनों को सुरक्षित निकाला। शिमला के नारकंडा में भी ताजा बर्फबारी के बाद सड़क पर फिसलन बढ़ गई है।


