नारायण स्वरूप हॉस्पिटल ने प्रयागराज के करछना स्थित बीके मेमोरियल पब्लिक स्कूल में रविवार, 22 फरवरी को एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में 250 से अधिक मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श और उपचार मिला। शिविर में जनरल सर्जरी, यूरोलॉजी, फेफड़ा रोग और स्त्री रोग सहित कई बीमारियों का इलाज किया गया। मरीजों को पथरी, पाइल्स, फिशर, फिस्टुला, प्रोस्टेट, हर्निया, अपेंडिक्स, गॉलब्लैडर स्टोन, गुर्दे की पथरी, सांस व फेफड़ा रोग, बच्चेदानी की गांठ व ट्यूमर जैसी समस्याओं पर परामर्श दिया गया।
नारायण स्वरूप हॉस्पिटल के वरिष्ठ एडवांस लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. राजीव सिंह के नेतृत्व में डॉ. पुष्कर मिश्रा (जनरल सर्जन), डॉ. मोहम्मद तारीख (फेफड़ा रोग विशेषज्ञ), डॉ. वनिता ठाकुर (स्त्री रोग विशेषज्ञ) और डॉ. सोनिया सिंह (एडवांस्ड लेप्रोस्कोपिक गायनी सर्जन) ने मरीजों का उपचार किया। शिविर के दौरान लगभग 20 मरीजों में बवासीर (पाइल्स) की समस्या पाई गई, जिनका निःशुल्क इलाज किया गया। शुगर और खून की जांच भी निःशुल्क उपलब्ध थी। जांच में 5 मरीजों में कैंसर के संभावित लक्षण मिले, जिन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए सलाह दी गई। 20 मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता बताई गई और उन्हें 50% छूट पर इलाज की जानकारी दी गई। मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क इलाज की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिकों को वायु और जल प्रदूषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, कैंसर के कारण और बचाव के उपायों पर जागरूक किया गया। इस आयोजन में पूर्व ब्लॉक प्रमुख बलराज सिंह, राजू भैया और पूर्व आईजी छविनाथ सिंह ने विशेष सहयोग किया। नारायण स्वरूप हॉस्पिटल ने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया है, ताकि आम जनता को समय पर उचित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया जा सके।


