डबल पैसे देने का झांसा देकर 6 लाख की ठगी:फोरेक्स ट्रेडिंग में 1 साल में दोगुना रकम दिलाने किया दावा, किश्तों में वसूल पैसे

डबल पैसे देने का झांसा देकर 6 लाख की ठगी:फोरेक्स ट्रेडिंग में 1 साल में दोगुना रकम दिलाने किया दावा, किश्तों में वसूल पैसे

बिलासपुर में फोरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर सालभर में दोगुना पैसा लौटाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगों का यह गिरोह लोगों को मॉल में बुलाकर जाल में फंसाता रहा। लालच में आकर युवक ने 6 लाख से अधिक रुपए आरोपियों को दे दिए। बाद में पैसा वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जांजगीर निवासी अनिल कुमार पाण्डेय प्राइवेट नौकरी करता है। करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात कवर्धा निवासी झमिया यादव और चेतन पटेल से हुई थी। दोनों ने खुद को फोरेक्स ट्रेडिंग का एक्सपर्ट बताते हुए अनिल को अपने झांसे में लिया। आरोपियों ने दावा किया कि फोरेक्स ट्रेडिंग के जरिए मार्केट में उनकी मजबूत पकड़ है और इसमें निवेश करने पर पैसा दोगुना हो जाता है। मैग्नेटो मॉल में बुलाकर लिया पहला भुगतान 6 अगस्त को आरोपियों ने अनिल को श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित मैग्नेटो मॉल में मिलने बुलाया। अनिल अपने दो परिचितों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने एक साल में डबल रिटर्न देने का भरोसा दिलाया। लालच में आकर अनिल ने उसी दिन 1.50 लाख रुपये नगद दिए। इसके अलावा 70 हजार रुपये फोन-पे के जरिए झमिया यादव के खाते में ट्रांसफर कर दिए। सात किश्तों में 4.55 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर इसके बाद 7 अगस्त से 16 अक्टूबर के बीच सात किश्तों में कुल 4.55 लाख रुपए फोन-पे के माध्यम से ट्रांसफर किए गए। इस तरह नगद और ऑनलाइन मिलाकर कुल 6 लाख 5 हजार रुपए आरोपियों को दिए गए। आरोपियों ने हर महीने 50 हजार रुपए मुनाफा देने का वादा किया था। सिर्फ 23 हजार लौटाए, फिर टालमटोल शुरू आरोपियों ने कुल 23 हजार रुपए ही वापस किए। इसमें 18 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपए शामिल हैं। नवंबर में जब अनिल ने बाकी रकम वापस मांगी तो झमिया यादव ने बैंक खाते में लेन-देन बंद होने का बहाना बनाया। उसने एक सप्ताह बाद पैसा देने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। उधर, चेतन पटेल भी लगातार टालमटोल करता रहा। आरोपियों ने कहा- पैसा खर्च हो गया, जो करना है कर लो पीड़ित का आरोप है कि आखिर में दोनों आरोपियों ने साफ कह दिया कि पैसा व्यक्तिगत काम में खर्च हो चुका है और जो करना हो कर लें। इससे परेशान होकर अनिल ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी झमिया यादव और चेतन पटेल, निवासी कवर्धा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *