शामली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे मार्ग पर घने कोहरे के चलते चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस घटना में एक पिकअप गाड़ी का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, क्योंकि घायल चालक की गाड़ी में भारत गैस एजेंसी के दर्जनों सिलेंडर रखे हुए थे। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र की बलवा चौकी के पास हुई। सुबह घना कोहरा होने के कारण हाईवे पर एक गाड़ी खराब हो गई थी। इसी दौरान पीछे से आ रही गाड़ियां एक के बाद एक आपस में टकराती चली गईं। टक्कर में एक कार, एक डीसीएम, एक पिकअप और एक ट्रक शामिल थे।
3 तस्वीरों में देखिए हादसा… पिकअप गाड़ी में भारत गैस एजेंसी के सिलेंडर भरे हुए थे। हालांकि, गाड़ियां पलटी नहीं, जिससे एक बड़े हादसे को टाला जा सका। अधिकतर गाड़ियों को नुकसान हुआ है, और पिकअप चालक की हालत गंभीर है, जिसे शामली से मेरठ के हाई सेंटर रेफर किया गया है। घायल चालक की पहचान बागपत जनपद के असर निवासी इमरान के रूप में हुई है। वह सुबह शामली की भारत गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर बागपत के आसारा गांव के लिए रवाना हुआ था। भारत गैस एजेंसी के इंचार्ज अजय कुमार ने बताया कि कोहरे के कारण यह हादसा हुआ और उनके चालक इमरान की हालत गंभीर है।


