एटा में जमीन विवाद पर लाठी-डंडे चले:पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के चार लोग घायल, पुलिस ने कराया मेडिकल

एटा में जमीन विवाद पर लाठी-डंडे चले:पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के चार लोग घायल, पुलिस ने कराया मेडिकल

एटा जनपद के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के गांव गंगनपुर में सोमवार सुबह जमीन के बंटवारे और रास्ते को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में एक ही परिवार के तीन पिता-पुत्र सहित कुल चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, यह विवाद परिवार के सदस्यों के बीच आपसी बंटवारे से संबंधित था। रास्ते को लेकर शुरू हुई बहस जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई और फिर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घायलों में एक पक्ष से 58 वर्षीय निरुत्तम सिंह पुत्र शिवराज सिंह और उनके दो बेटे सत्येंद्र व जितेंद्र शामिल हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से नाम सिंह पुत्र शिवराज सिंह भी इस झड़प में घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को दोपहर 12 बजे जिला मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायल सत्येंद्र सिंह पुत्र निरुत्तम सिंह ने बताया कि परिवार के लोगों से ही प्लॉट के रास्ते को लेकर दूसरे पक्ष ने मारपीट की है, जिसमें उनके पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में भी इस मामले को लेकर मुकदमेबाजी चल रही थी और दूसरा पक्ष फैसले का दबाव बना रहा था, इसी बात पर मारपीट हुई।
थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्लॉट को लेकर एक ही परिवार के लोगों के मध्य विवाद हुआ है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *