अलवर के केंद्रीय कारागृह में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बुधवार देर रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच वार्ड नंबर-1 में अचानक किसी वस्तु के गिरने की आवाज सुनाई दी। मौके पर तैनात ड्यूटी कार्मिकों ने तत्काल तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान वार्ड के शौचालय के पास झाड़ियों के निकट एक संदिग्ध पैकेट मिला। रात्रि गश्त अधिकारी की मौजूदगी में पैकेट को जब्त कर खोला गया तो उसमें चार कीपैड मोबाइल फोन और करीब 2 ग्राम गांजा जैसी नशीली वस्तु बरामद हुई। सभी मोबाइल बिना सिम के थे। बरामद सामग्री को नियमानुसार सील कर पैकेट तैयार किए गए और पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। जेल प्रशासन की ओर से इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए तुरंत पुलिस थाना शहर कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने कारागार अधिनियम की धारा 42 और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह जांच की जा रही है कि यह प्रतिबंधित सामग्री जेल परिसर तक कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।


