धान भिगोकर बढ़ा रहे थे वजन, वीडियो वायरल होने पर जांच, 4 कर्मचारी बर्खास्त

धान भिगोकर बढ़ा रहे थे वजन, वीडियो वायरल होने पर जांच, 4 कर्मचारी बर्खास्त

अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत भलेरा स्थित धान खरीदी केंद्र में धांधली का मामला सामने आया है। यहां कर्मचारियों द्वारा धान के स्टॉक पर पानी डालकर वजन बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी। खरीदी केंद्र के पास स्थित तालाब से पाइप लगाकर गुरुवार शाम धान में पानी डाला जा रहा था। होली के कारण आसपास सन्नाटा था, इसी का फायदा उठाकर यह काम किया जा रहा था। इस दौरान खरीदी केंद्र के सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए गए थे। ग्रामीणों को इसकी जानकारी लगने पर किसी ने वीडियो बनाकर व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया। मामला सामने आने पर कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई गई। टीम ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया धान में पानी डालने की पुष्टि हुई। इसके बाद खरीदी प्रभारी समिति प्रबंधक विष्णु साहू, सहायक लिपिक उमेश कुमार साहू, कर्मचारी इन्द्रमन निषाद और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी जितेंद्र साहू को बर्खास्त कर दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है। तालाब से पाइप लगाकर धान में डाला पानी
खरीदी केंद्र के पास ही तालाब है। कर्मचारियों ने वहीं से पाइप लगाकर धान के स्टॉक में पानी डाला। जांच टीम के पहुंचने पर मौके के पास पाइप भी मिला। टीम ने कुछ बोरियों को खाली कराकर भी जांच की, जिसमें धान गीला पाया गया। जानिए… पानी डालने से कैसे होता है फायदा
धान में पानी डालने से उसका वजन बढ़ जाता है। इससे सुखत की भरपाई हो जाती है और तौल में अधिक धान निकलता है। कई बार इससे केंद्र के पास अतिरिक्त धान भी बच जाता है, जिससे हेराफेरी की आशंका रहती है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *