हिसार जिले के बरवाला में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिस्तौल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपी गांव बडाला से पकड़े हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव मसूदपुर निवासी अंकित उर्फ काला, गांव बडाला निवासी राहुल, गांव थूराना निवासी अश्वनी उर्फ सनी और गांव बवानी खेड़ा निवासी रोहित के रूप में हुई है। बिजली कर्मचारी से लूटे एक लाख रुपए पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी की शाम करीब 3 बजे खेदड़ गांव के निकट DHBVN का एक कर्मचारी एक लाख रुपए नकद लेकर बाइक पर अपने घर जा रहा था। तभी पहले से घात लगाए काली स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार चार अज्ञात युवकों ने उसका पीछा कर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने डमी पिस्तौल दिखाकर कर्मचारी को डराया और सारा कैश लूट मौके से फरार हो गए थे। स्पेशल स्टाफ ने बरवाला पुलिस को सौंपा घटना की सूचना मिलते ही स्पेशल स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल डमी असला, वाहन और लूटी गई राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। स्पेशल स्टाफ ने आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपियों को बरवाला पुलिस के हवाले कर दिया है।


