करौली के सपोटरा विधानसभा क्षेत्र के करणपुर में वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी करणपुर घाटी के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर करीब 50 करोड़ रुपए की लागत आएगी, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। सपोटरा विधायक हंसराज मीणा ने करणपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में करणपुर घाटी निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इसके बाद रेंज की चौकी, करणपुर में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने इस कार्य को क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग बताया।
विधायक मीणा ने कहा कि घाटी के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों का आवागमन सुगम हो सकेगा। यह मार्ग करणपुर-कैलादेवी को जोड़ता है और रणथंभौर टाइगर रिजर्व के द्वितीय भाग कैला देवी अभयारण्य से होकर गुजरता है। लंबे समय से मार्ग की खराब हालत के कारण कैलादेवी से करणपुर स्थित गुमानो माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्र के निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खराब सड़क के चलते इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी काफी कम हो गई थी। करणपुर क्षेत्र में स्थित गुमानो माता का मंदिर लाखों श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। घाटी के पुनर्निर्माण से इन श्रद्धालुओं के आवागमन को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। विधायक ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया।


