घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका परिषद घाटमपुर में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत आश्रय आवास योजना की आंतरिक गलियों में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस विकास कार्य का शिलान्यास घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन में क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य मलिन बस्तियों और पिछड़े इलाकों में भी सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनहित के कार्य तेजी से कराए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


