बरेली। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा है कि प्रदेश में गोवंश संरक्षण को लेकर बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। यूपी की करीब साढ़े सात हजार गोशालाओं में 14 लाख से अधिक गायों को संरक्षित किया गया है और उनके बेहतर पालन के लिए अब हर गोशाला में भूसा बैंक बनाया जाएगा।
हर गोशाला में बनेगा भूसा बैंक, 10 क्विंटल रहेगा स्टॉक
मंत्री ने गुरुवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर हर गोशाला में भूसा बैंक बनाया जा रहा है, जिसमें हमेशा कम से कम 10 क्विंटल भूसा उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही चरागाह की जमीन को कब्जामुक्त कराकर वहां हरा चारा उगाने की योजना भी तेजी से लागू की जा रही है।
छह विभागों की संयुक्त टीम करेगी निगरानी
गोवंश संरक्षण को मजबूत बनाने के लिए नगर विकास, पशुपालन, पंचायतीराज, ग्राम विकास, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) करेंगे। मंत्री ने कहा कि यह कदम गोशालाओं की स्थिति सुधारने में मील का पत्थर साबित होगा।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन पर जोर
धर्मपाल सिंह ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य में पशुपालन की बड़ी भूमिका है। इसके लिए नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मिनी नंदिनी योजना और मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना चलाई जा रही हैं। कम दूध देने वाली गायों को छोड़ने की समस्या से निपटने के लिए नस्ल सुधार पर विशेष फोकस किया गया है।
फ्री में मिलेगा सीमन, बछिया के लिए खास योजना
सरकार द्वारा किसानों को देसी और उन्नत नस्लों जैसे साहीवाल, गिरी, हरियाणवी, गंगागिरी और पारपारकर गायों का सीमन मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं बछिया पैदा करने के लिए विशेष सीमन मात्र 100 रुपये में दिया जाएगा, जिससे पशुपालन को और प्रोत्साहन मिलेगा।
अखिलेश यादव पर पलटवार, जाति की राजनीति का आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गैस और तेल की किल्लत वाले बयान पर मंत्री ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि एलपीजी की समस्या वैश्विक है, लेकिन भारत सरकार के प्रयासों से आपूर्ति सुचारु बनी हुई है। प्रदेश में कहीं भी कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं, सिर्फ जाति की राजनीति है।
मजदूर का बेटा भी बनेगा हजूर, शिक्षा पर जोर
प्राइवेट स्कूलों की बढ़ती फीस के सवाल पर मंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर जिला प्रशासन से बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजदूर का बेटा भी हजूर बनेगा के विजन पर प्रदेश सरकार आगे बढ़ रही है, ताकि हर वर्ग को समान अवसर मिल सके।


