CSK के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने बताई टीम की सबसे बड़ी कमजोरी, कहा-मुश्किल है प्लेऑफ्स में पहुंचना

CSK के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने बताई टीम की सबसे बड़ी कमजोरी, कहा-मुश्किल है प्लेऑफ्स में पहुंचना

RR vs CSK: 5 बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स अपने अभियान का आगाज राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले से करेगी, जो गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। 

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने अभी अपना मुकाबला खेला भी नहीं है, उससे पहले टीम को 3 बड़े झटके लग गए हैं। पहले नाथन एसिल पूरी सीजन से बाहर हुए तो बाद में एमएस धोनी अप्रैल तक आईपीएल से दूर हो गए। उसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस भी पहले मैच से बाहर हो गए। जिसके बाद सीएसके के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी ने ही टीम के प्लेऑफ्स की राह को मुश्किल करार दिया है।

रायडू ने बताई CSK की बड़ी कमजोरी

पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स का आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल है। रायडू ने कहा कि इस सीजन चेन्नई का गेंदबाजी अटैक काफी कमजोर नजर आ रहा है, जिसका नुकसान टीम को उठाना पड़ सकता है। रायडू ने ‘ईएसपीएन क्रिकइंफो’ से बात करते हुए कहा कि चेन्नई की टीम में इस बार काफी युवा खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में पहले तो यह देखना दिलचस्प होगा कि उनमें से प्लेइंग इलेवन में किस-किस को मौका मिलता है और वे खुद को दिए गए रोल में कैसे फिट कर पाते हैं।

पूर्व भारतीय बल्लेबाज के अनुसार, वे इस सीजन चेन्नई के गेंदबाजी अटैक को लेकर सबसे ज्यादा चिंतित हैं। रायडू ने कहा कि बीच के ओवरों में विकेट निकालने के लिए टीम के पास नूर अहमद मौजूद हैं, लेकिन पावरप्ले और अंतिम ओवरों के लिहाज से चेन्नई का गेंदबाजी अटैक कमजोर दिख रहा है।

रायडू ने कहा कि टीम के स्क्वॉड को देखकर चेन्नई सुपर किंग्स का आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंच पाना थोड़ा मुश्किल दिख रहा है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। वहीं, स्पेंसर जॉनसन अभी इंजरी से उबर रहे हैं। इसके साथ ही राजस्थान के खिलाफ होने वाले मैच में डेवाल्ड ब्रेविस की सेवाएं भी टीम को नहीं मिल पाएंगी। एमएस धोनी भी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पहले दो हफ्तों तक नहीं खेल पाएंगे।

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाजी अटैक की अगुवाई न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी करते हुए नजर आएंगे। हेनरी का साथ देने की जिम्मेदारी खलील अहमद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी और जेमी ओवरटन के कंधों पर होगी। वहीं, स्पिन विभाग की कमान नूर अहमद संभालेंगे, जिनका साथ अकील हुसैन देते हुए दिखाई दे सकते हैं। चेन्नई का प्रदर्शन आईपीएल 2025 में काफी निराशाजनक रहा था और टीम 14 में से सिर्फ 4 मुकाबले ही जीत सकी थी, जबकि 10 मुकाबलों में टीम को हार झेलनी पड़ी थी। चेन्नई ने सबसे निचले पायदान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *