आगरा-मुंबई हाईवे पर पूर्व विधायक की कार अनियंत्रित होकर पलटी:भोपाल जा रहे थे सभी, हादसे के दौरान स्कॉर्पियो हवा में उछलकर खेत में गिरी

आगरा-मुंबई हाईवे पर पूर्व विधायक की कार अनियंत्रित होकर पलटी:भोपाल जा रहे थे सभी, हादसे के दौरान स्कॉर्पियो हवा में उछलकर खेत में गिरी

मंगलवार को आगरा–मुंबई नेशनल हाईवे पर घाटीगांव के पास पूर्व विधायक अजब सिंह कुशवाह की स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर ने वाहन पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन स्कॉर्पियो लहराती हुई हवा में उछली और हाईवे से नीचे खेत में जा गिरी। हादसे के समय कार में सवार पूर्व विधायक समेत चार लोगों की जान बच गई। हादसे में सभी को मामूली चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद खतरनाक था। कार हवा में उछलकर खेत में बोनट के बल गिरी।
भोपाल जाते वक्त हुआ एक्सीडेंट जानकारी के अनुसार, मुरैना जिले की सुपावली विधानसभा से पूर्व विधायक अजब सिंह कुशवाह मंगलवार को अपने चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो (क्रमांक MP07 ZD-3214) से भोपाल जा रहे थे। आगरा–मुंबई नेशनल हाईवे पर घाटीगांव क्रॉस करने के कुछ दूरी बाद ही अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। चालक के प्रयास के बावजूद वाहन पर नियंत्रण नहीं हो सका और स्कॉर्पियो हवा में उछलकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। इस दौरान वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। लोगों ने कहा – टला बड़ा हादसा प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर हवा में उछली और बोनट के बल गिरी, जिससे वाहन का अगला हिस्सा खेत में धंस गया। यदि वाहन पलट जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। सौभाग्य से कार नहीं पलटी, जिससे पूर्व विधायक समेत सभी सवारों को गंभीर चोट नहीं आई। घाटीगांव थाना प्रभारी पूरन शर्मा ने बताया कि एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खेत में गिर गई थी। वाहन में सवार पूर्व विधायक अजब सिंह कुशवाह और उनके साथी घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *