चार दिन पहले जारी हुए एक विवादित वीडियो से बीकानेर की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी आरोप लगा रहे हैं कि वीडियो पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल का है, जिसमें वे कुछ नेताओं पर टिप्पणी कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा के साथ कांग्रेसी भी इसके विरोध में उतर आए हैं। इसको लेकर मंगलवार को अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल ने सर्किट हाउस और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के पुत्र रविशेखर मेघवाल ने सांसद सेवा केंद्र में पत्रकारों के समक्ष वीडियो से जुड़े तथ्यों पर बात की। ऐसे में गोविंद को भाजपा के साथ कांग्रेस ने भी घेरा। वीडियो सच या छेड़छाड़, पुलिस जांच करे; पार्टी से गोविंद की शिकायत की: मदन शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल ने सर्किट हाउस में कहा कि मैंने पुलिस से मांग की है कि इस वीडियो की सत्यता परखी जाए। किसने वीडियो वायरल किया और क्या छेड़छाड़ की। मेघवाल बोले कि अगर वीडियो सच है तो पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मैं पार्टी नेतृत्व से भी मिल चुका हूं। पूरे तथ्य बताए हैं। अगर लिखित में रिपोर्ट मांगेंगे तो वह भी दूंगा। क्योंकि इस वीडियो से दो जातियों के बीच दूरियां बढ़ रही हैं, जो ठीक नहीं हैं। कांग्रेस के सीनियर नेता स्व. रामेश्वर डूडी के बारे में जिस तरह की भाषा बोली गई, वह अशोभनीय और निंदनीय है। मदन से जब पूछा कि जिन नेताओं के बारे में टिप्पणी की गई, उनके परिवार से कोई मीडिया के सामने नहीं आया तो आप कहीं टूल तो नहीं बन रहे, इस पर मदन ने कहा कि डूडी सबके लिए सम्माननीय थे। जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल ने कहा कि डूडी के बारे में जो भी वीडियो में बात की गई, वह निंदनीय है। कांग्रेस नेता प्रीति मेघवाल ने कहा कि वीडियो के बारे में कोई कह रहा सच है, कोई झूठ, तो पुलिस को इसकी सच्चाई बाहर लानी चाहिए। हर वीडियो में मेरा नाम न घसीटें गोविंद, ये सलाह भी है और चेतावनी भी
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के पुत्र रविशेखर मेघवाल भी गोविंद के खिलाफ मंगलवार को मैदान में उतरे। मीडिया से बातचीत की और सवाल उठाए कि आखिर उनके हर वीडियो में मेरा नाम क्यों घसीटा जाता है। वे लंबे समय से चुप हैं, कोई जवाब नहीं दे रहे, मगर अब तो वह मुझे अपराधी बताने लगे, इसलिए अब मुझे बोलना पड़ा। सांसद सेवा केंद्र में मीडिया से बातचीत में रविशेखर मेघवाल ने कहा कि अब मेरी यह सलाह भी और चेतावनी भी कि हर प्रकरण में मुझे न घसीटें। रवि ने कहा कि हर बार बोलते आप हो। जब वह पब्लिक के बीच जाता है तो बचने के लिए मुझ पर आरोप लगाया जाता है। करणी माता के बारे में भी बोला तो मुझ पर आरोप, खाजूवाला के लड़के को पुलिस से पकड़वाया, उसमें भी मुझ पर आरोप लगाया गया। अगर वीडियो वायरल में रवि का हाथ न हो तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा:
गोविंद मेघवाल ने कहा, अगर वायरल वीडियो में रवि मेघवाल का हाथ न हुआ तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा। जिस लड़के ने वीडियो वायरल किया, मैं उसे जानता हूं। जब मैं बात कर रहा था तो वह पीछे खड़ा था। उसकी फोटो भी आ गई। इसके भाई से पहले मेरी कोई बात हुई थी और यह लड़का रवि के लिए ही काम करता है। मैंने कोई बात बिना तथ्यों के नहीं की। मदन मेघवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर गोविंद ने कहा, कांग्रेस का शहर अध्यक्ष अपनी ही पार्टी के नेता के खिलाफ बयान जारी कर अर्जुनराम मेघवाल से अपने रिश्ते निभा रहा है। मैंने कहा कि अगर जाट वोट न देते तो इतने वोट नहीं मिलते, यह सत्य है। मैं रामेश्वर डूडी की इज्जत करता हूं। मैं ऐसी बातें नहीं करता और तभी मैंने पुलिस से वीडियो की जांच की मांग की है।


