देवरिया जिला कारागार में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की तबीयत मंगलवार देर रात अचानक बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत के बाद जेल प्रशासन ने उन्हें तत्काल देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक परीक्षण के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने रात करीब 2 बजे उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में की गई जांच के दौरान चिकित्सकों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है। फिलहाल उनका इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अमिताभ ठाकुर 10 दिसंबर से देवरिया जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में हैं। मंगलवार को ही मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद से वह मानसिक रूप से तनाव में थे। प्रशासन का कहना है कि चिकित्सकीय सलाह के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जा रही है।


