शुभमन गिल को हटाकर रोहित शर्मा को कप्तान बनाने की मांग, पूर्व क्रिकेटर ने BCCI से की अपील

शुभमन गिल को हटाकर रोहित शर्मा को कप्तान बनाने की मांग, पूर्व क्रिकेटर ने BCCI से की अपील

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरी वनडे सीरीज खेलने उतरी थी। इससे पहले टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी वनडे सीरीज खेली थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ एक बार फिर भारतीय टीम को 2-1 से हार झेलनी पड़ी, जिसके बाद शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी से हटाने की मांग तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी उनकी कप्तानी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

शुभमन गिल को हटाने की मांग

अब गौतम गंभीर के पूर्व साथी और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने शुभमन गिल को कप्तानी से हटाकर रोहित शर्मा को दोबारा वनडे टीम का कप्तान बनाने की मांग की है। आपको बता दें कि रोहित शर्मा ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद उन्होंने आईपीएल 2025 के दौरान टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा कर दी थी। फिलहाल रोहित शर्मा सिर्फ वनडे क्रिकेट ही खेल रहे हैं। हालांकि ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले उनसे वनडे टीम की कप्तानी छीन ली गई थी और शुभमन गिल को कप्तान बना दिया गया था।

शुभमन गिल की कप्तानी में पहली ही सीरीज में भारत को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि जब टीम इंडिया घर लौटी तो साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में 2-1 से जीत जरूर मिली, लेकिन इसके बाद घरेलू मैदान पर ही न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम को 2-1 से मुंह की खानी पड़ी। न्यूजीलैंड ने 37 सालों में पहली बार भारत को उसकी सरजमीं पर वनडे सीरीज में हराया। इसके बाद शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी से हटाने की मांग और तेज हो गई।
इनसाइड स्पोर्ट्स को दिए इंटरव्यू में मनोज तिवारी ने रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाने की मांग की और बीसीसीआई से अपनी गलती सुधारने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, मैं यह सुझाव इसलिए दे रहा हूं क्योंकि अभी ज्यादा देर नहीं हुई है। अगले साल वर्ल्ड कप है और भारतीय टीम को सिर्फ द्विपक्षीय सीरीज या छोटे टूर्नामेंट नहीं, बल्कि वर्ल्ड कप जीतने के लक्ष्य के साथ उतरना चाहिए।” मनोज तिवारी ने आगे कहा कि रोहित शर्मा के नाम दो आईसीसी ट्रॉफी और पांच आईपीएल खिताब हैं और कप्तानी के मामले में शुभमन गिल उनकी तुलना में कहीं नहीं ठहरते। उन्होंने कहा कि रोहित के पास अनुभव है, जबकि शुभमन गिल में अनुभव की कमी साफ नजर आती है।

मनोज तिवारी ने समझाते हुए कहा कि मैदान पर फील्डिंग सेट करना, गेंदबाजी में बदलाव करना और यह तय करना कि किस छोर से कौन गेंदबाजी करे—इन सभी बातों से कप्तान का अनुभव झलकता है। उन्होंने कहा, रोहित शर्मा शुभमन गिल से सिर्फ थोड़ा नहीं, बल्कि काफी बेहतर कप्तान हैं और यही वजह है कि वह इतने सफल रहे हैं।” मनोज तिवारी ने यह भी कहा कि शुभमन गिल की कप्तानी में भी वर्ल्ड कप जीता जा सकता है, लेकिन अगर दोनों की तुलना की जाए तो रोहित शर्मा के कप्तान बनने पर भारत के जीतने की संभावना कहीं ज्यादा बढ़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *